![]()
मुंगेर में गुरुवार शाम एक पुराने कुएं से मानव अवशेष और कपड़े बरामद हुए। इन अवशेषों को लगभग आठ माह पहले लापता हुए 10 वर्षीय किशोर वीर सिंह का बताया जा रहा है। परिजनों ने कपड़ों के आधार पर उनकी पहचान की है। घटना हवेली खड़गपुर थाना क्षेत्र के खंडबिहारी गांव की है। खंडबिहारी गांव निवासी मनीष कुमार सिंह का इकलौता बेटा वीर सिंह 23 जुलाई 2025 से लापता था। तब से उसका कोई सुराग नहीं मिल पाया था। पुलिस को मिली गुप्त सूचना के आधार पर गुरुवार को गांव के कुछ किशोरों को संदेह के चलते हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ से मिली जानकारी के बाद पुलिस ने गांव के एक पुराने कुएं की पंप सेट से सफाई कराने का फैसला किया। गुरुवार देर शाम कुएं से पानी निकालने का काम शुरू हुआ। पानी और कीचड़ हटाने के दौरान कुएं से हड्डियां और कुछ कपड़े बरामद हुए। इसके बाद मौके पर मौजूद पुलिस टीम ने पूरे इलाके को घेर लिया और जांच शुरू कर दी। अधिकारी ने जांच के लिए जब्त की अवशेष घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ अनिल कुमार, प्रशिक्षु डीएसपी सह थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार तिवारी, गंगटा और शामपुर थाना की पुलिस बल के साथ फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। अधिकारियों ने बरामद अवशेषों को आगे की जांच के लिए सुरक्षित रख लिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि परिजनों ने कपड़ों के आधार पर अवशेषों की पहचान की है। पुलिस ने घटनास्थल पर फोरेंसिक टीम बुलाकर जांच कराई है। इसके अतिरिक्त, बरामद कंकाल का डीएनए और अन्य वैज्ञानिक परीक्षण भी किए जाएंगे। कुएं से मानव अवशेष मिलने की खबर फैलते ही आसपास के गांवों जैसे केंदुआ, किशनपुर, शासन, भूसिचक, निशिहारा, लक्ष्मीपुर, धपरी, प्रसंडो, अग्रहण, शामपुर, मुजफ्फरगंज और मुढ़ेरी से बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों के बीच यह चर्चा है कि ये अवशेष लापता बालक वीर सिंह के हो सकते हैं। जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग इधर इस घटना के बाद मृतक बालक के परिजन सदमे में हैं। वीर के मामा राजा सिंह ने बताया कि कुएं से मिले अवशेषों कपड़े से पहचान किया गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं इस घटना को लेकर एसपी सैयद इमरान मसूद ने देर शाम घटना स्थल पर पहुंचे। एसपी ने जांच करने के बाद बताया कि मामले में 4 किशोर को पकड़ा गया है। उन्होंने कहा कि किशोर का अपहरण कर घटना को अंजाम दिया गया है और इसका क्या मकसद था क्यों हत्या की गई है इसकी जांच हम लोगों के द्वारा जारी है। एसपी ने बताया कि उन चारों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर ही कुंआ से हड्डी व कपड़ा बरामद किया गया है। हड्डी का डीएनए टेस्ट और कपड़े की फोरेंसिक जांच कराई जाएगी।


