Top 5 This Week

Related Posts

धनेश्वर घाट हनुमान मंदिर में बदली सुरक्षा व्यवस्था:मघड़ा हादसे से लिया सबक; भीड़ बढ़ने पर नहीं होगा सड़क जाम, श्रद्धालु आराम से कर सकेंगे दर्शन


नालंदा जिले के मघड़ा मंदिर में हुई दुखद घटना के बाद जिला प्रशासन और प्रबंधन समितियां पूरी तरह सतर्क हो गई हैं। भविष्य में ऐसी किसी भी अप्रिय घटना या भगदड़ की स्थिति को रोकने के लिए प्रसिद्ध धनेश्वर घाट हनुमान मंदिर में सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की व्यवस्था में व्यापक बदलाव किए गए हैं। इन बदलावों का मुख्य उद्देश्य श्रद्धालुओं को सुलभ दर्शन कराना और मंदिर परिसर में उमड़ने वाली भारी भीड़ को सुव्यवस्थित करना है। मंदिर प्रबंधन के सक्रिय सदस्य सोमेंद्र पांडे ने नई व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि अब श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोपरि रखा गया है। पूर्व में दर्शनार्थियों की कतारें मुख्य सड़क तक लग जाती थी, जिससे न केवल यातायात बाधित होता था बल्कि दुर्घटनाओं की आशंका भी बनी रहती थी। इसे देखते हुए अब पंक्तियों की व्यवस्था पूरी तरह मंदिर के प्रांगण के अंदर ही कर दी गई है। परिसर के अंदर लोहे की मजबूत बैरिकेडिंग की गई है। इससे भीड़ के एक जगह जमा होने या दबाव बढ़ने की स्थिति खत्म हो गई है। श्रद्धालु बिना किसी अवरोध के कतारबद्ध होकर भगवान के दर्शन कर पा रहे हैं। मंदिर के पीछे की गई व्यवस्था व्यवस्था को और अधिक सुचारू बनाने के लिए हनुमान चालीसा, सुंदरकांड पाठ के स्थान को भी स्थानांतरित किया गया है। पहले श्रद्धालु मुख्य रास्ते में ही बैठकर पाठ करने लगते थे, जिससे आवाजाही में काफी असुविधा होती थी। अब पाठ करने के लिए मंदिर के पीछे एक अलग गलियारे में स्थाई व्यवस्था की गई है। इसके अतिरिक्त, मंदिर परिसर के अंदर जो स्थान पहले बेहद संकुचित या ‘कंजस्टेड’ महसूस होते थे, उन्हें खुला किया गया है। यहां तक कि तुलसी जी के पिंडे और अन्य सामानों को भी अधिक स्थान बनाने के उद्देश्य से उचित जगह पर शिफ्ट कर दिया गया है। धक्का-मुक्की की स्थिति नहीं श्रद्धालुओं ने भी प्रशासन और प्रबंधन के इन फैसलों का स्वागत किया है। दर्शन करने आए दीपक कुमार और अन्य भक्तों का कहना है कि नए बदलावों के बाद मंदिर परिसर में अब काफी खालीपन और शांति महसूस हो रही है। बैरिकेडिंग होने से अब धक्का-मुक्की की स्थिति नहीं बनती है। लोग सुरक्षित महसूस कर रहे हैं। श्रद्धालुओं का मानना है कि इस तरह के प्रबंधन से न केवल सुरक्षा सुनिश्चित हुई है, बल्कि भक्तिमय वातावरण भी और बेहतर हुआ है। जिला प्रशासन की इस सक्रियता ने यह स्पष्ट कर दिया है कि जन सुरक्षा के साथ अब कोई समझौता नहीं किया जाएगा।

Spread the love

Popular Articles