![]()
किशनगंज के गलगलिया चेकपोस्ट पर पुलिस ने वाहन जांच के दौरान कार्रवाई करते हुए कोयला लदे दो ट्रकों को जब्त किया है। प्रारंभिक जांच में इन ट्रकों के कागजात में अनियमितता पाई गई है और फर्जी जीएसटी बिल के माध्यम से कोयले का परिवहन किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार के निर्देश पर गलगलिया थाना अध्यक्ष के नेतृत्व में चेकपोस्ट पर सघन वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान संदेह के आधार पर दो कोयला लदे ट्रकों को रोका गया। चालकों से परिवहन से संबंधित कागजात मांगे जाने पर प्रस्तुत दस्तावेजों में कई विसंगतियां सामने आईं। प्रारंभिक जांच में जीएसटी बिल और अन्य दस्तावेज संदिग्ध पाए गए। इसके बाद, पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए दोनों ट्रकों को जब्त कर लिया। जांच रिपोर्ट मिलने के बाद होगी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने बताया कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। जब्त किए गए दस्तावेजों की सत्यता की पुष्टि के लिए राज्य कर विभाग (जीएसटी) और जिला परिवहन पदाधिकारी को प्रतिवेदन भेजा जा रहा है। संबंधित विभागों से रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई से अवैध परिवहन में संलिप्त लोगों में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि चेकपोस्ट पर लगातार सघन जांच अभियान जारी रहेगा और फर्जी कागजात के सहारे किसी भी प्रकार के अवैध परिवहन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


