![]()
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट) में भोजपुरी, अंगिका और मगही को क्षेत्रीय भाषा के रूप में मंजूरी नहीं मिली। कैबिनेट ने मंगलवार को बिना इन भाषा को शामिल किए ही जेटेट नियमावली-2026 को मंजूरी दे दी। कैबिनेट की 15 अप्रैल को हुई बैठक में भी नियमावली पर घटनोत्तर स्वीकृति का प्रस्ताव आया था, लेकिन मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने विस्तृत चर्चा के बाद इसे अगली बैठक में लाने की बात कही थी। मंगलवार को बैठक में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने इस मुद्दे को उठाया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके लिए मंत्रियों की एक समिति गठित की जाएगी, जो 10 दिन में रिपोर्ट देगी। बैठक में कुल 15 प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।पहले की बैठक में मंत्री दीपिका पांडेय सिंह के साथ ही वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने भी इन भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा की सूची में शामिल न किए जाने पर आपत्ति जताई थी। राधाकृष्ण ने कहा था कि राज्य के 11 जिलों में भोजपुरी, मगही और अंगिका बोली जाती है। इन भाषाओं को क्षेत्रीय भाषा में शामिल न करने से लोगों में आक्रोश है। जेटेट को भाषाई विवाद में डालना उचित नहीं है। जो भाषाएं राज्य में बोली जाती हैं, उन्हें रखा जाना चाहिए। वित्त मंत्री ने उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह से पश्चिम बंगाल से सटे जिलों में बांग्ला और ओडिशा से सटे जिलों में उड़िया को शामिल किया गया है, उसी तरह बिहार से सटे जिलों में बोली जाने वाली भोजपुरी, मगही और अंगिका को शामिल किया जाना चाहिए। हरमू-अरगोड़ा और करमटोली-चिरौंदी फ्लाईओवर को मंजूरी रांची में जाम से मुक्ति के लिए कैबिनेट ने दो नए फ्लाईओवर-एलिवेटेड रोड को भी मंजूरी दी है। इन योजनाओं को चालू वित्त वर्ष में शुरू कर अगली वित्त वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य है। 1. हरमू-अरगोड़ा फोर लेन फ्लाईओवर-एलिवेटेड सड़क… इसका निर्माण हरमू काव रेस्टोरेंट से डिबडीह तक किया जाएगा। यह अरगोड़ा चौक से कटहल मोड़, चापू टोली तक और अरगोड़ा चौक से अशोक नगर रोड नंबर तीन तक जाएगा। इसके निर्माण पर कुल 469.62 करोड़ रुपए खर्च होंगे। इसकी कुल लंबाई 3.804 किलोमीटर होगी। यह फोर लेन होगा। फायदा… अभी अरगोड़ा घौक पर अशोक नगर, हरमू, कटहल मोड़ और डिबडीह की ओर से आने वाली सड़क पर ट्रैफिक का भारी दबाव रहता है। फ्लाईओवर बनने से अरगोडा चौक, अरगोड़ा-कटहल मोड़ रोड पर ट्रैफिक समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही हरमू, बिरसा चौक, कडरू, पुन्दाग और कटहल मोड़ में भी ट्रैफिक का दबाव घटेगा। खूंटी सिमडेगा, गुमला की ओर जाने वाले वाहनों और रातू रोड, लालपुर,अशोकनगर की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी। 2. करमटोली-साइंस सिटी फ्लाईओवर… करमटोली चौक से साइंस सिटी चिरौंदी तक फोर लेन फ्लाईओवर बनेगा। जिसकी कुल लंबाई 2.70 किमी होगी। जिसमें 0.516 किमी लिंक सर्विस रोड भी बनेगा। योजना की कुल लागत 351.14 करोड़ रुपए होगी। फायदा… अभी करमटोली से रिंग रोड तक ट्रैफिक का अत्यधिक दबाव है। इस फ्लाईओवर के बनने से अंतु चौक, दिव्यान चौक, साइंस सिटी एवं चिरौंदी चौक पर ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार होगा। साथ ही यह सर्कुलर रोड, बरियातू रोड, रिम्स एवं मोरहाबादी जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्रों में शहरी यातायात के दबाव को कम करेगा। इससे रामगढ़ व हजारीबाग की ओर जाने वाले वाहनों की आवाजाही सुगम हो जाएगी।

