Jamshedpur News :
धातकीडीह के कुरैशी मोहल्ला स्थित गामा होटल पर बाइक सवार दो युवकों ने फायरिंग की घटना को अंजाम दिया. रविवार सुबह करीब सात बजे अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. जानकारी के अनुसार, गोली चलाते ही बाइक पर पीछे बैठा हमलावर अचानक गिर गया. वहीं, गोली की आवाज सुनकर स्थानीय लोग जुटने लगे. लोगों को पास आते देख हमलावर तुरंत उठा और हवा में एक गोली चलाई. इसके बाद बाइक पर मौजूद अपने साथी के साथ भागने लगा. इस पर लोगों ने हमलावरों पर पथराव भी किया, लेकिन दोनों फरार हो गये. पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई है. इधर, घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज को जब्त कर लिया और त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों हमलावरों को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम के रूप में हुई है. दोनों मानगो के आजादनगर स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-3 के रहनेवाले हैं. पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त पिस्तौल और बाइक बरामद की है. दोनों से पूछताछ की जा रही है.होटल संचालक का माेबाइल जब्त, पुलिस कर रही पूछताछ
इस मामले में गामा होटल के संचालक सरफराज कुरैशी उर्फ गामा (धातकीडीह कुरैशी मोहल्ला निवासी) ने बिष्टुपुर थाना में मो इमरान उर्फ गोरे और महफूज आलम के खिलाफ जान मारने की नीयत से गोली चलाने व धमकी देने का केस दर्ज कराया है. वहीं, पुलिस इस मामले में सरफराज कुरैशी का मोबाइल भी जब्त कर लिया है और उससे पूछताछ कर रही है.अवैध प्रतिबंधित मांस की तस्करी में वर्चस्व को लेकर चली गोली
स्थानीय लोगों के अनुसार, गामा होटल पर रविवार सुबह में फायरिंग की घटना का मुख्य कारण प्रतिबंधित मांस के कारोबार में वर्चस्व स्थापित करना है. जानकारी के अनुसार, सरफराज कुरैशी द्वारा अवैध प्रतिबंधित मांस का कारोबार किया जाता है. मो इमरान और महफूज आलम ने कारोबार में वर्चस्व व रंगदारी के लिए घटना को अंजाम दिया है. हालांकि, पुलिस ने अभी इस बारे में कुछ नहीं कहा है. पुलिस का कहना है कि जल्द ही मामले का उद्भेदन किया जायेगा. गिरफ्तार दोनों युवकों से पूछताछ जारी है. दोनों के खिलाफ पूर्व में भी केस दर्ज है. आपराधिक रिकॉर्ड खंगाला जा रहा है.The post Jamshedpur News : गोली चलाते ही बाइक से गिरा हमलावर, उठा और फिर चलायी गोली, हमलावर पर लोगों ने किया पथराव, दोनों गिरफ्तार, पिस्तौल बरामद appeared first on Prabhat Khabar.
