Wednesday, May 6, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

संस्कार हमारी धरोहर है, हमें संस्कृति को कभी नहीं भूलना चाहिए : प्रभा पाडिया


भास्कर न्यूज | चाईबासा| झारखंड प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पाडिया, प्रांतीय सचिव मनीषा मित्तल, प्रांतीय कोषाध्यक्ष ललिता सरायवाला एवं संपादिका सीमा चौधरी के चाईबासा पहुंचने पर मारवाड़ी महिला समिति चाईबासा शाखा की ओर से मंगलवार को एक रेस्टोरेंट में भव्य स्वागत किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन से हुआ, जिसके पश्चात रेनू विजयवर्गीय द्वारा गणेश वंदना एवं प्रार्थना प्रस्तुत की गई। शाखा अध्यक्ष संगीता मुंधड़ा एवं शाखा सचिव विनीता खिरवाल ने अतिथियों का पौधा अर्पित कर, स्मृति-चिह्न (प्लेटर) भेंट कर एवं दुपट्टा ओढ़ाकर स्वागत एवं सम्मान किया। स्वागत भाषण में संगीता मुंधड़ा ने कहा आज का यह दिन हमारे लिए अत्यंत हर्ष और गौरव का विषय है। प्रभा जी का सान्निध्य हम सभी के लिए प्रेरणादायक है और उनका नेतृत्व संगठन को नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर कर रहा है। संस्कार ही हमारी धरोहर है हमारे जीवन का आधार है, जिसे हमें सहेजकर आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर कविता शर्मा ने संस्था की गतिविधियों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। आंचल प्रमुख पुष्पलता चौबे ने अपने उद्बोधन में बताया कि मानगो में महिला समिति की एक नई शाखा का गठन किया गया है तथा उन्हें 15 शाखाओं का आंचल प्रमुख बनाया गया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि वे अपने दायित्वों का पूर्ण निष्ठा से निर्वहन करते हुए संस्था का नाम और ऊँचा करेंगी। अपने उद्बोधन में प्रांतीय अध्यक्ष प्रभा पाडिया ने संस्कार ही हमारी धरोहर है। हमें अपनी संस्कृति, परंपराओं एवं संस्कारों को कभी नहीं भूलना चाहिए तथा उन्हें आने वाली पीढ़ी तक अवश्य पहुँचाना चाहिए। उन्होंने महिला सशक्तीकरण, बाल विकास, पर्यावरण संरक्षण, अंगदान, देहदान एवं रक्तदान जैसे प्रकल्पों पर विशेष जोर दिया तथा रक्तदान शिविरों के माध्यम से जागरूकता बढ़ाने और सिलाई केंद्र जैसे स्थायी प्रोजेक्ट्स के जरिए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर बल दिया। इसके पश्चात प्रांतीय सचिव मनीषा मित्तल ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा चाईबासा शाखा ने अल्प समय में सराहनीय कार्य किए हैं। मुझे विश्वास है कि यह शाखा आगे भी इसी उत्साह और ऊर्जा के साथ नए-नए कार्य करते हुए सफलता की सीढ़ियां चढ़ती रहेगी। महिला सशक्तीकरण के अंतर्गत एक बहन को आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से प्रभा पाडिया के करकमलों द्वारा सिलाई मशीन भेंट की गई। सुंदरगढ़-राउरकेला में आयोजित राष्ट्रीय योगासन प्रतियोगिता, जल संरक्षण विषय पर ड्राइंग प्रतियोगिता तथा रक्तदान विषय पर आयोजित प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन रजनी मोहता एवं कविता शर्मा ने किया। इस अवसर पर समिति की प्रकल्प प्रमुख एवं सदस्य बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles