![]()
मुजफ्फरपुर के मुसहरी थाना क्षेत्र में अपराधियों ने मंगलवार की शाम गोल्ड कारोबारी से लूट की वारदात को अंजाम दिया। नवादा चौक से मणिका विशुनपुर चांद गांव जाने वाली सड़क पर रात करीब 8 बजे बाइक सवार अपराधियों ने घर जा रहे गोल्ड कारोबारी पिता-पुत्र को रोका। इसके बाद अपराधियों ने 2 राउंड फायरिंग कर कारोबारी से करीब साढ़े छह लाख रुपए के आभूषण और नगद लूट लिए। हालांकि, फायरिंग में गोल्ड कारोबारी और उनका बेटा सुरक्षित है। पीड़ित कारोबारी सरोज साह ने बताया कि दर्धा और नरौली चौक पर उनकी सोने-चांदी की दुकान है। उन्होंने बताया कि शाम को दुकान बंद कर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 60 हजार रुपए कैश लेकर बेटे अविनाश के साथ अलग-अलग बाइक से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नवादा चौक से करीब 500 मीटर आगे एक बाइक सवार अपराधियों ने उनका रास्ता रोक लिया। एक अपराधी ने उतरकर मारपीट शुरू कर दी, तभी पीछे से दूसरी बाइक पर सवार अपराधी पहुंचे और पिस्तौल निकालकर दो राउंड फायरिंग कर दी। गले से सोने की चेन, कैश लूटकर नवादा चौक की ओर भागे अपराधी वारदात के बाद लूट के शिकार गोल्ड कारोबारी अपने बेटे के साथ मुसहरी थाना पहुंचे। उन्होंने थाना में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ FIR दर्ज कराई। गोल्ड कारोबारी ने बताया कि दोनों बाइक सवारों की ओर से की गई फायरिंग से घबराकर हम दोनों पिता-पुत्र बाइक रोककर खड़े हो गए। इसके बाद अपराधियों ने हमारे गले से सोने की चेन, कैश से भरा बैग लेकर नवादा चौक की ओर फरार हो गए। उधर, फायरिंग और लूट की घटना की सूचना के बाद थानाध्यक्ष सुबोध कुमार मेहता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, एक चप्पल और गमछा बरामद किया है। डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने कहा- सीसीटीवी फुटेज खंगाल रहे वहीं, डीएसपी पूर्वी-2 मनोज कुमार सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए डायल 112 व मुसहरी पुलिस की अलग-अलग टीमों को विभिन्न मार्गों पर भेजा गया है। पीड़ित व्यवसायी ने बताया कि इससे पहले भी करीब 3 साल पहले भी उनके साथ लूट की घटना हो चुकी है और एक बार दुकान में चोरी भी हुई थी। इसी कारण वे नियमित रूप से दुकान का आभूषण और नगद अपने साथ घर ले जाते हैं। पुलिस ने बताया कि आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।


