
Suvendu Adhikari PA Shot Dead: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद मची राजनीतिक हिंसा ने बेहद खौफनाक मोड़ ले लिया है. राज्य में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सबसे बड़े कद्दावर नेताओं में शुमार शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की बुधवार देर रात करीब 11:15 बजे गोली मारकर हत्या कर दी गयी. मध्यमग्राम इलाके में हुई इस वारदात ने पूरे राज्य के प्रशासनिक और राजनीतिक गलियारों में हड़कंप मचा दिया है. हमलावरों ने गाड़ी रोककर उन पर बेहद करीब से अंधाधुंध गोलियां बरसायीं.
रात के सवा 11 बजे मध्यमग्राम में मौत का तांडव
चश्मदीदों और पुलिस के अनुसार, यह घटना किसी फिल्मी साजिश जैसी थी. चंद्रनाथ रथ अपनी गाड़ी से जा रहे थे. मध्यमग्राम के पास अज्ञात हमलावरों ने उनकी गाड़ी को बीच सड़क पर रोक लिया. गाड़ी रुकते ही ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी. चंद्रनाथ के शरीर पर गोलियों के कई निशान पाये गये हैं.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही चंद्रनाथ की मौत, ड्राइवर गंभीर
चंद्रनाथ को खून से लथपथ हालत में तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने कहा कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही वे दम तोड़ चुके थे. इस हमले में गाड़ी का ड्राइवर भी गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गया है. अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है. उसे बेहतर इलाज के लिए कोलकाता के एसएसकेएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
इसे भी पढ़ें : संदेशखाली में खूनी खेल, पुलिस और जवानों पर फायरिंग, थाना प्रभारी समेत 5 जख्मी, भारी मात्रा में बम-बारूद बरामद
शुभेंदु अधिकारी के बेहद खास थे चंद्रनाथ
चंद्रनाथ रथ केवल एक सहायक नहीं, बल्कि शुभेंदु अधिकारी के राजनीतिक कामकाज और रणनीतियों के महत्वपूर्ण स्तंभ माने जाते थे. शुभेंदु के साथ साये की तरह रहने वाले चंद्रनाथ की हत्या को भाजपा नेतृत्व ने एक ‘सुनियोजित राजनीतिक कत्ल’ करार दिया है. पार्टी का आरोप है कि चुनाव में मिली हार से बौखलाये टीएमसी के गुंडों ने शुभेंदु अधिकारी को कमजोर करने के लिए उनके सबसे भरोसेमंद साथी को निशाना बनाया है.
Suvendu Adhikari PA Shot Dead: इलाके में तनाव, भारी पुलिस बल तैनात
घटना के तुरंत बाद मध्यमग्राम और आसपास के इलाकों में भारी तनाव फैल गया. सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी. हमलावरों की तलाश में जगह-जगह नाकेबंदी की जा रही है.
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने शुरू किया विरोध प्रदर्शन
भाजपा कार्यकर्ताओं ने इस हत्या के खिलाफ प्रदर्शन शुरू कर दिया है. पार्टी ने इसे लोकतंत्र की हत्या करार देते हुए दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि हमलावर पेशेवर शूटर थे या किसी राजनीतिक गुट के सदस्य. फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं.
इसे भी पढ़ें
कोलकाता एयरपोर्ट से टीएमसी पार्षद गिरफ्तार, 7 महीने पहले बैग में मिली थी मैगजीन

