Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

हाथियों ने स्कूल तोड़ मिड-डे मिल का चावल खाया:कोडरमा के भखरा गांव में हाथियों का हमला, ग्रामीण को पटककर कुचला, हालत गंभीर


कोडरमा जिले के सतगावां प्रखंड स्थित भखरा गांव में शुक्रवार देर रात हाथियों के एक झुंड ने जमकर उत्पात मचाया। झुंड ने गांव के उत्क्रमित मध्य विद्यालय पर हमला बोलते हुए दरवाजे और खिड़कियां तोड़ दीं। इसके साथ ही स्कूल में रखे मध्याह्न भोजन के चावल की बोरियों को भी नुकसान पहुंचाया। बड़ी मात्रा में चावल खा लिया। ग्रामीणों के अनुसार, देर रात अचानक हाथियों के पहुंचने से पूरे गांव में अफरा-तफरी मच गई। हाथियों के हमले से हुई क्षति की तीन तस्वीरें… ग्रामीण को पटक कर कुचला, हालत गंभीर इसी दौरान गांव के 35 वर्षीय पृथ्वी राम हाथियों की चपेट में आ गए। बताया जाता है कि हाथियों ने उन्हें पटककर कुचल दिया। जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें तुरंत सतगावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए कोडरमा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहां से भी बेहतर इलाज के लिए उन्हें रांची स्थित रिम्स भेजा गया है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी हालत अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। ग्रामीणों का वन विभाग के खिलाफ आक्रोश घटना के बाद पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीण रातभर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह पहली घटना नहीं है, इससे पहले भी डोमचांच, जयनगर और मरकच्चो प्रखंडों के सीमावर्ती गांवों में हाथियों का उत्पात देखने को मिल चुका है। जिसमें कई घर क्षतिग्रस्त हुए और फसलों को भारी नुकसान पहुंचा। बीते दो वर्षों में हाथियों के हमलों में कई लोगों की जान भी जा चुकी है। इस घटना के बाद ग्रामीणों में वन विभाग के खिलाफ आक्रोश बढ़ गया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles