Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

गया: ठेका कर्मी को लगा 440 वोल्ट का करेंट, मौत के बाद लोगों ने किया गया-गोह रोड जाम

गया:  ठेका कर्मी को लगा 440 वोल्ट का करेंट, मौत के बाद लोगों ने किया गया-गोह रोड जाम

कोंच (श्रीनिवास की रिपोर्ट). बिजली विभाग और ठेकेदारों की घोर लापरवाही ने शनिवार को गया में एक और युवा ठेका कर्मी की जान ले ली. कोंच प्रखंड की परसावां पंचायत के रूपसपुर गांव निवासी 30 वर्षीय संतोष कुमार की 440 वोल्ट का करेंट लगने से मौत हो गई. संतोष बिजली विभाग में एक ठेकेदार के माध्यम से मीटर लगाने और मरम्मत का काम करता था. इस घटना के बाद विभाग के ”शटडाउन” सिस्टम और सुरक्षा मानकों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

लाइनमैन की मौजूदगी में कैसे चालू रही लाइन?

जानकारी के अनुसार, शनिवार को संतोष मुरेरा गांव के बधार में एक ट्रांसफॉर्मर पर बिजली आपूर्ति बहाल करने का काम कर रहा था. इसी दौरान वह 440 वोल्ट की हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गया. सबसे बड़ी लापरवाही यह है कि घटना के वक्त बिजली विभाग का मानव बल (लाइनमैन) रविशंकर मिस्त्री भी मौके पर मौजूद था. ऐसे में बिना शटडाउन सुनिश्चित किए संतोष को लाइन पर काम करने कैसे दिया गया? करेंट लगने के बाद गंभीर हालत में संतोष को मगध मेडिकल कॉलेज (ANMMCH) ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

आक्रोशित ग्रामीणों ने किया गया-गोह मार्ग जाम

संतोष अपने पीछे पत्नी, दो बेटे और एक बेटी को छोड़ गया है. उसकी मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम पसर गया और गांव वालों का गुस्सा फूट पड़ा. आक्रोशित लोगों ने गया-गोह मुख्य मार्ग पर स्थित बिजली कार्यालय के सामने शव रखकर सड़क जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी ठेकेदार और दोषी अधिकारियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ परिवार के लिए मुआवजे की मांग कर रहे थे.

प्रशासनिक आश्वासन: आउटसोर्स कर्मी की पत्नी को सरकारी नौकरी

सड़क जाम और बवाल की सूचना मिलते ही BDO बिपुल भारद्वाज, CO मुकेश कुमार और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने आक्रोशित लोगों को शांत करने के लिए पारिवारिक लाभ योजना के तहत तत्काल 20 हजार रुपये की सहायता राशि दी. इसके अलावा, बिजली विभाग की ओर से चार लाख रुपये मुआवजा देने की प्रक्रिया शुरू करने और मृतक की पत्नी को सरकारी नौकरी दिलाने की अनुशंसा करने का आश्वासन दिया गया. फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करा दिया है, लेकिन अब तक ठेकेदार या विभागीय अधिकारियों के खिलाफ किसी ठोस कानूनी कार्रवाई की पुष्टि नहीं हुई है.

The post गया: ठेका कर्मी को लगा 440 वोल्ट का करेंट, मौत के बाद लोगों ने किया गया-गोह रोड जाम appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles