
लातेहार ़ व्यवहार न्यायालय परिसर में शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का गरिमामय आयोजन किया गया. इसका ऑनलाइन उद्घाटन झारखंड उच्च न्यायालय के न्यायमूर्ति सह झालसा के कार्यकारी अध्यक्ष सुजीत नारायण प्रसाद ने किया. स्थानीय स्तर पर मामलों के त्वरित निष्पादन के लिए कुल सात बेंचों का गठन किया गया था, जहां आपसी सहमति के आधार पर हजारों परिवारों को न्याय मिला. रिकॉर्ड निष्पादन और करोड़ों का सेटलमेंट : लोक अदालत में प्री-लिटिगेशन के 11,253 मामलों सहित कुल 15,234 वादों का निष्पादन किया गया. इसमें पारिवारिक विवाद के 11, मोटर दुर्घटना के दो मामलों में 16.50 लाख रुपये का मुआवजा और चेक बाउंस के तीन मामलों में 4.10 लाख रुपये का सेटलमेंट हुआ. इसके अलावा बिजली विभाग के 105 मामले (प्री-लिटिगेशन व कोर्ट लंबित), बैंक ऋण के 1,329 वाद और क्रिमिनल कंपाउंडेबल के 1,404 मामलों का भी निपटारा किया गया. तीन सिविल वादों को भी सुलझाया गया. सखी मंडलों को मिला आर्थिक संबल : इस अवसर पर जेएसएलपीएस के तत्वावधान में 46 स्थानीय सखी मंडलों को प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश के हाथों 46 लाख रुपये का चेक प्रदान किया गया. न्यायाधीश ने महिलाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि इन पैसों का सही उपयोग करें. उन्होंने बच्चों की बेहतर शिक्षा और रोजगार के नये अवसर तलाशकर जीवन में आत्मनिर्भर बनने की सलाह दी. प्रशासनिक व न्यायिक अधिकारियों की रही उपस्थिति : मौके पर प्रधान न्यायाधीश (कुटुंब न्यायालय) सैयद सलीम फातमी, जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश प्रथम दिनेश कुमार मिश्रा, द्वितीय संजय कुमार दूबे, तृतीय सुनील दत्त द्विवेदी, सीजेएम विक्रम आनंद, एसीजेएम कुमारी जीव, सिविल जज तृतीय मीनाक्षी मिश्रा, प्रधिकार के सचिव शिवम चौरसिया, एसडीजेएम प्रणव कुमार, न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी सह प्रभारी न्यायाधीश उत्कर्ष जैन, स्थायी लोक अदालत के अध्यक्ष पन्नालाल एवं सदस्य, कन्ज्यूमर फोरम के प्रेसिडेन्ट अजीत कुमार, लातेहार जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष लाल अरविंद नाथ शाहदेव, बार के सचिव संजय कुमार समेत कई अधिकारी आदि उपस्थित थे.
The post राष्ट्रीय लोक अदालत में 15,234 मामलों का निष्पादन appeared first on Prabhat Khabar.


