![]()
गिरिडीह जिले के बिरनी प्रखंड अंतर्गत बंगरा कला गांव में शनिवार को हाथियों के झुंड ने एक महिला को कुचलकर मार डाला। इस घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई। मृतका की पहचान 45 वर्षीय उर्मिला देवी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, पांच हाथियों का एक झुंड अचानक गांव में घुस आया। हाथियों को देखते ही ग्रामीणों में भगदड़ मच गई और लोग अपनी जान बचाने के लिए भागने लगे। इसी दौरान एक हाथी ने उर्मिला देवी को अपनी चपेट में ले लिया और पैर से कुचल दिया। महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस, वन विभाग की टीम और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौके पर पहुंचे। वन विभाग की टीम ने काफी मशक्कत के बाद हाथियों के झुंड को गांव से खदेड़कर जंगल की ओर भगाया। ग्रामीणों ने बताया कि पिछले कई दिनों से हाथियों का झुंड इलाके में घूम रहा था। इस संबंध में वन विभाग को कई बार सूचित किया गया था, लेकिन समय रहते कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग की लापरवाही के कारण यह घटना हुई है। मृतका के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने सरकार और वन विभाग से उचित मुआवजा तथा परिवार के एक सदस्य को सहायता प्रदान करने की मांग की है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आगे की जांच कर रही है।


