Saturday, May 16, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

अजगैबीनाथ धाम में वट सावित्री पर उमड़ी भीड़:पति की लंबी उम्र के लिए महिलाओं ने की पूजा-अर्चना: घाट से लेकर चौक-चौराहों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम


भागलपुर के सुल्तानगंज स्थित प्रसिद्ध अजगैबीनाथ धाम में वट सावित्री पूजा को लेकर श्रद्धा और आस्था का माहौल देखने को मिला। सुबह से ही बड़ी संख्या में सुहागिन महिलाएं सज-धजकर वट वृक्ष के समीप पहुंचीं। विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर अपने पति की दीर्घायु, सुख-समृद्धि और परिवार की खुशहाली की कामना की। मंदिर परिसर में पूजा को लेकर खासा उत्साह देखा गया। महिलाओं ने वट वृक्ष के चारों ओर धागा बांधकर फल, फूल, प्रसाद और पूजन सामग्री अर्पित की। पूजा के दौरान महिलाओं द्वारा पारंपरिक गीत भी गाए गए, जिससे वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए सुबह से ही मंदिर परिसर, गंगा घाट और मुख्य मार्गों पर चहल-पहल बनी रही। बाजार में सुबह से रही रौनक जिले की कचहरी चौक, बरका चौक, एसएम कॉलेज रोड, शहीद चौक समेत विभिन्न इलाकों में भी महिलाओं ने सामूहिक रूप से वट सावित्री पूजा की। कई जगहों पर पूजा मंडप सजाए गए थे, जहां महिलाओं ने पारंपरिक परिधान में पहुंचकर पूजा-अर्चना की। शहर के बाजारों में भी सुबह से रौनक देखी गई। पूजा सामग्री, फल, मिठाई और श्रृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ लगी रही। संगीत देवी ने बताया कि यह पर्व पति की लंबी उम्र और अखंड सौभाग्य के लिए है। धार्मिक मान्यता के अनुसार माता सावित्री ने अपने तप और संकल्प से यमराज से अपने पति सत्यवान के प्राण वापस प्राप्त किए थे। इसी परंपरा के तहत सुहागिन महिलाएं वट वृक्ष की पूजा कर अपने पति की लंबी आयु की कामना करती हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन भी पूरी तरह अलर्ट नजर आया। प्रशिक्षु एएसपी सह थानाध्यक्ष सायम रजा के नेतृत्व में गंगा घाट से लेकर मंदिर क्षेत्र और शहर के प्रमुख चौक-चौराहों पर पुलिस बल की तैनाती की गई थी। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर जगह-जगह पुलिस की गश्ती भी जारी रही, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles