Tuesday, May 19, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

मंत्री संजय सिंह ने गाड़ी छोड़ ट्रेन से की यात्रा:प्रभारी मंत्री बनने के बाद पहुंचे जमुई, कहा- पेट्रोल-डीजल बचत हर नागरिक का दायित्व है


बिहार सरकार के लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग (PHED) के मंत्री संजय सिंह को जमुई जिले का प्रभारी मंत्री बनाए जाने के बाद आज अपनी पहली आधिकारिक यात्रा शुरू की। इस बार मंत्री ने सड़क मार्ग से जाने के बजाय ट्रेन से यात्रा करने का निर्णय लिया। उन्होंने इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ईंधन बचत और पर्यावरण संरक्षण के आह्वान से प्रेरित कदम बताया। पटना से रवाना होने के दौरान मंत्री संजय सिंह ने कहा कि देश में लगातार बढ़ती ऊर्जा जरूरतों और पर्यावरणीय चुनौतियों को देखते हुए जनप्रतिनिधियों को भी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने कहा कि पेट्रोल और डीजल की बचत केवल सरकार की नीति नहीं, बल्कि हर नागरिक का दायित्व है। ट्रेन यात्रा के दौरान यात्रियों से भी की मुलाकात मंत्री ने कहा कि ट्रेन यात्रा न केवल सुरक्षित और सुविधाजनक है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण की दिशा में भी एक प्रभावी कदम है। जनप्रतिनिधियों को जनता से जुड़े रहना चाहिए और सामान्य नागरिकों की तरह यात्रा कर उनकी समस्याओं और अनुभवों को समझना चाहिए। ट्रेन यात्रा के दौरान कई यात्रियों ने भी मंत्री से मुलाकात की और विभिन्न स्थानीय मुद्दों को लेकर बातचीत की।
जमुई में अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक जमुई पहुंचने के बाद प्रभारी मंत्री संजय सिंह जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक करेंगे। बैठक में जिले में चल रही लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग की योजनाओं, पेयजल आपूर्ति, नल-जल योजना, जल संरक्षण कार्यों और ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने की दिशा में चल रहे कार्यों की विस्तार से समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही मंत्री जिले में विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट भी लेंगे और अधिकारियों को समय पर योजनाओं को पूरा करने के निर्देश देंगे। इसके अलावा वे स्थानीय जनप्रतिनिधियों और आम लोगों से भी मुलाकात कर क्षेत्र की समस्याओं और विकास कार्यों की जानकारी प्राप्त करेंगे। निगरानी के लिए 34 मंत्रियों को किया गया नियुक्त बिहार सरकार ने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए राज्य के सभी 34 मंत्रियों को जिला प्रभारी नियुक्त किया है। सरकार के अनुसार ये मंत्री अपने आवंटित जिलों की ‘जिला कार्यक्रम क्रियान्वयन समिति’ के अध्यक्ष के रूप में विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की सीधी निगरानी करेंगे। सूची के अनुसार मंत्री विजय कुमार चौधरी को पटना और नालंदा का प्रभार मिला है, जबकि उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा को गयाजी और गोपालगंज की जिम्मेदारी दी गई है। इसके अलावा डॉ. दिलीप कुमार जायसवाल को मुजफ्फरपुर और बांका, राम कृपाल यादव को बेगूसराय, नीरज मिश्रा को भागलपुर और निशांत कुमार को वैशाली का प्रभारी बनाया गया है। योजनाओं को समय पर पूरा करने और बेहतर प्रशासनिक तालमेल के लिए मंत्रियों के साथ वरिष्ठ आईएएस (IAS) अधिकारियों को भी विशेष प्रभारी सचिव नियुक्त किया गया है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles