Thursday, May 21, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

घर छोड़ आश्रम पहुंचे PK,अगले चुनाव तक वहीं रहेंगे:बोले- मुख्यमंत्री को 25 एकड़ का बंगला भी छोटा पड़ रहा, बिहार में बस चेहरा बदला, समस्याएं वही


बिहार विधानसभा चुनाव 2025 में मिली हार के बाद अब जन सुराज के मुखिया प्रशांत किशोर ने अपना घर छोड़ दिया है। उन्होंने पटना की सीमा पर स्थित एक आश्रम में अपना ठिकाना बनाया है। प्रशांत किशोर ने तय किया है कि अगले पांच साल तक वहीं रहेंगे, यानी जब तक उनकी पार्टी जन सुराज बिहार विधानसभा चुनाव 2031 में खुद को ठीक से स्थापित नहीं कर लेती, तब तक प्रशांत किशोर एक आश्रम में रहने वाले हैं। आश्रम से ही राजनीतिक गतिविधियां होंगी। पार्टी के कामकाज देखेंगे। 48 साल के राजनीतिक रणनीतिकार और नेता प्रशांत किशोर ने बुधवार को दरभंगा में जानकारी देते हुए कहा कि बीते मंगलवार (19 मई) की रात को ही उन्होंने अपना आवास छोड़ दिया था। अगले 5 साल आश्रम में रहेंगे PK प्रशांत किशोर ने IIT-पटना के पास स्थित बिहार नवनिर्माण आश्रम में अब आश्रय ले लिया है, जो अगले पांच साल तक उनका घर होगा। इसी के साथ प्रशांत किशोर ने उम्मीद जताई है कि अगले विधानसभा चुनाव में उनकी पार्टी जन सुराज बिहार की जनता पर सकारात्मक प्रभाव बना पाएगी। अभी तक प्रशांत किशोर पटना एयरपोर्ट के पास स्थित ‘शेखपुरा हाउस’ से अपनी पार्टी के कामकाज संभाल रहे थे। यह आवास बिहार के पूर्व सांसद और जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय सिंह (पप्पू सिंह) का है। मुख्यमंत्री को 25 एकड़ वाला बंगला छोटा लग रहा बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत दरभंगा पहुंचने पर उन्होंने बिहार सरकार के छह महीने के कार्यकाल पर तीखा हमला किया। कहा, ‘राज्य में सिर्फ नेताओं के चेहरे बदले हैं, लेकिन समस्याएं अब भी वहीं की वहीं हैं। चुनाव के दौरान रोजगार, पलायन और शिक्षा सुधार के बड़े-बड़े वादे किए गए थे, लेकिन छह महीने बाद भी स्थिति में कोई सुधार नहीं दिख रहा है।’ वहीं मुख्यमंत्री आवास पर कटाक्ष करते हुए उन्होंने कहा, ‘बिहार देश का सबसे पिछड़ा राज्य है, लेकिन मुख्यमंत्री का बंगला देश में सबसे बड़ा है।’ मुख्यमंत्री की प्राथमिकता बिहार नहीं बल्कि गुजरात प्रशांत किशोर ने राज्य सरकार पर भ्रष्टाचार और घोटालों को लेकर भी निशाना साधा। कहा, बिहार के नए मुख्यमंत्री की प्राथमिकता बिहार नहीं बल्कि गुजरात है। अडाणी की ओर से आंखों के अस्पताल खोलने की चर्चा हो रही है, लेकिन पीरपैंती बिजली परियोजना में कथित घोटाले पर कोई बात नहीं की जा रही। बिहार के लोगों के हजारों करोड़ रुपए का नुकसान हो रहा है। नीतीश कुमार पर भी साधा निशाना प्रशांत किशोर ने बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और मौजूदा राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार पर भी हमला बोला. जनसुराज के प्रमुख ने कहा, जिन्हें जनता मुख्यमंत्री चुनकर लाई थी वह भी बिहार में माइग्रेशन की समस्या नहीं सुलझा पाए, उल्टा खुद ही बिहार छोड़कर चले गए। हालांकि, इस बात का जरूर ध्यान रखा कि उनके बेटे की बिहार में पैठ बन जाए। जाति-धर्म या पैसों के लालच में आकर वोट न करें इसी के साथ ही प्रशांत किशोर ने एक बार फिर बिहार की जनता से अपील की कि अपने हित को प्राथमिकता दें और जाति-धर्म, पैसों के लालच में आकर वोट बर्बाद न करें। बिहार की जनता को वोट डालते समय अपने और बच्चों के भविष्य के बारे में सोचना होगा, तभी प्रदेश की तस्वीर बदलेगी। प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार की महिलाओं को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, नीतीश कुमार या लालू प्रसाद जैसे नेताओं से प्रभावित नहीं होना चाहिए और न ही उन्हें 10,000 रुपये के लिए अपना वोट बेच देना चाहिए।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles