Monday, June 1, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

सड़क हादसे में टीएमएच गोलचक्कर पर युवक की मौत:टाटा स्टील के दमकल की चपेट में आने से हुआ हादसा, इलाज के दौरान तोड़ा दम


जमशेदपुर के बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में टीएमएच गोलचक्कर के पास सोमवार को एक सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। युवक टाटा स्टील के दमकल वाहन की चपेट में आ गया था। मृतक की पहचान जुगसलाई पीबी रोड निवासी मो. हुसाम अख्तर के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, मो. हुसाम अख्तर अपनी बाइक से यूनाइटेड क्लब की दिशा में जा रहे थे। टीएमएच गोलचक्कर के पास उनकी बाइक टाटा स्टील के दमकल वाहन से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक वाहन के पहिए के नीचे आ गया और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल युवक को तुरंत घटनास्थल से टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। अस्पताल में डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उपचार शुरू किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलने पर मृतक के परिजन भी अस्पताल पहुंचे। युवक की मौत की खबर से परिवार में शोक का माहौल है। घटना की सूचना मिलते ही बिष्टुपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बिष्टुपुर थाना प्रभारी आलोक कुमार दुबे ने बताया कि सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों का पता लगा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दमकल वाहन बिष्टुपुर की ओर जा रहा था, जबकि बाइक सवार युवक यूनाइटेड क्लब की दिशा में जा रहा था। गोलचक्कर पर दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। पुलिस आगे की कानूनी प्रक्रिया पूरी कर रही है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles