पोकलेन से हो रही सफाई, 3 दिन में 30 ट्रैक्टर गाद निकला मानसून से पहले पंचशील नगर में जलजमाव की समस्या को लेकर नगर निगम ने अभियान तेज कर दिया है। निगम ने इलाके में जलजमाव की बड़ी वजह अतिक्रमण को माना है। ऐसे 23 भवन मालिकों को निगम ने नोटिस जारी किया था, जिसके बाद सोमवार को 6 अस्थायी दुकान और शेड को तोड़ कर हटा दिया गया। इधर, मुख्यमंत्री की नाराजगी के बाद निगम के अधिकारियों ने वार्ड संख्या-32 के इस इलाके में नालियों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था सुधारने का काम युद्धस्तर पर शुरू किया है। पिछले तीन दिनों में नालियों से करीब 30 ट्रैक्टर गाद निकाला जा चुका है। नगर आयुक्त के निर्देश पर 15 सफाई मित्रों की विशेष टीम तैनात की गई है। बड़े नालों की सफाई के लिए पोकलेन मशीन और संकरी गलियों की नालियों को साफ करने के लिए सुपर शकर मशीन का उपयोग किया जा रहा है। जहां मशीनें नहीं पहुंच पा रही हैं, वहां मैनुअल सफाई कराई जा रही है। निगम ने 10 करोड़ रुपए की ड्रेनेज योजना तैयार की नगर निगम ने पंचशील नगर की ड्रेनेज व्यवस्था को स्थायी रूप से दुरुस्त करने के लिए विस्तृत सर्वे और तकनीकी मूल्यांकन शुरू किया है। क्षेत्र के लिए करीब 10 करोड़ रुपए की ड्रेनेज योजना भी तैयार की गई है। जल्द ही इस पर काम शुरू होगा।

