हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र के बानादाग में शुक्रवार को एक युवक लगभग 85 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक की पहचान चतरा जिले के टंडवा निवासी विकास कुमार के रूप में हुई है, जो बानादाग एनटीपीसी साइडिंग में कार्यरत है। विकास का आरोप है कि अंचल कार्यालय की कार्यशैली से नाराज होकर उसने यह कदम उठाया है, क्योंकि उसकी जमीन का म्यूटेशन (दाखिल-खारिज) पिछले पांच-छह महीनों से लंबित है। अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त: विकास
विकास कुमार ने कटकमदाग के अंचल अधिकारी (सीओ) सत्येंद्र नारायण पासवान पर गंभीर आरोप लगाए हैं। युवक का कहना है कि अंचल कार्यालय में भ्रष्टाचार व्याप्त है और अधिकारियों ने मिलीभगत कर उसकी जमीन किसी दूसरे व्यक्ति के नाम स्थानांतरित कर दी है। उसने चेतावनी दी है कि जब तक उसकी जमीन के म्यूटेशन की समस्या का स्थायी समाधान नहीं होता और कागजात दुरुस्त नहीं किए जाते, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। इधर, घटना की सूचना मिलते ही कटकमदाग थाना पुलिस और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। भारी भीड़ की वजह से सड़क पर लगा जाम
इस विरोध प्रदर्शन को देखने के लिए घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई, जिससे सड़क पर कुछ समय के लिए जाम लग गया। पुलिस अधिकारियों ने युवक से मोबाइल फोन पर संपर्क कर उसे नीचे उतारने का प्रयास किया, लेकिन वह अपनी मांग पर अड़ा रहा और अंचल अधिकारी को मौके पर बुलाने की मांग करता रहा। बढ़ते दबाव के बाद अंचल अधिकारी सत्येंद्र नारायण पासवान खुद घटनास्थल पर पहुंचे। प्रशासनिक अधिकारी और सीओ लगातार युवक से बातचीत कर उसे सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास कर रहे हैं। हालांकि, युवक टावर पर ही डटा हुआ था। पुलिस स्थिति पर नजर बनाए हुए है।


