बिहार के सैंड आर्टिस्ट मधुरेंद्र कुमार ने एक नया प्रयोग किया है। उन्होंने पारंपरिक कैनवास की जगह डिस्पोजेबल प्लेट पर कलाकृतियां बनाई हैं।
.
मधुरेंद्र ने नई दिल्ली के भारत मंडपम में हुए 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन (BRICS 2026) में शामिल होने वाले वैश्विक नेताओं के चित्र पत्तलों पर उकेरे हैं।
मधुरेंद्र ने इन पत्तलों पर भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के चित्र बनाए हैं।




सभी नेताओं के चित्र ट्रायंगल शेप में तैयार
इनके अलावा ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन, ब्राजील के राष्ट्रपति लुइज़ इनासियो लूला दा सिल्वा, दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा, मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी, इथियोपिया के प्रधानमंत्री अबी अहमद और इंडोनेशिया के राष्ट्रपति प्रबोवो सुबियांतो के चित्र भी शामिल हैं। इन सभी नेताओं के चित्र ट्रायंगल शेप में तैयार किए गए हैं।
इन कलाकृतियों के साथ “WELCOME TO INDIA – BRICS 2026” संदेश भी लिखा गया है। अलग-अलग पत्तलों पर नेताओं के चित्रों को फ्रेम की तरह सजाया गया है।
यह रचना ब्रिक्स सम्मेलन में आने वाले विश्व नेताओं के स्वागत के लिए बनाई गई है।
बारीक डिटेल्स को भी अच्छे से दिखाया
मधुरेंद्र के मुताबिक, इस कलाकृति को बनाने में करीब 15 दिन लगे। पत्तल की सतह सामान्य कैनवास से अलग होती है, इसलिए उस पर बारीक चित्र बनाना आसान नहीं था।
इसके बावजूद उन्होंने चेहरों की रूपरेखा, आंखें, बाल, दाढ़ी और भाव-भंगिमा जैसे बारीक डिटेल्स को भी अच्छे से दिखाया है।
मधुरेंद्र का कहना है कि उनका मकसद सिर्फ चित्र बनाना नहीं है। वे कला के जरिए भारत की मेहमाननवाजी, शांति और अंतरराष्ट्रीय सहयोग का संदेश देना चाहते हैं।
वह पहले भी रेत, मिट्टी, कोयले की राख, पीपल के पत्ते और फल-सब्जियों पर कलाकृतियां बना चुके हैं। पत्तल पर यह प्रयोग उनके नए प्रयोगों की एक और कड़ी है, जो सोशल मीडिया पर काफी पसंद की जा रही है।
