.
आज की सबसे बड़ी खबर पटना से है। बिहार के मुख्यमंत्री आवास, सचिवालय और 4 स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। वहीं, CM सम्राट चौधरी ने जीविका के जरिए चयनित 2446 कैंडडेट्स को नियुक्ति पत्र सौंपा है। बेतिया के प्राइवेट क्लीनिक में एक नर्स की लाश मिली है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, बिहार दिनभर में क्या कुछ खास रहा…
1. CM हाउस-4 स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी
बिहार के मुख्यमंत्री आवास और सचिवालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। ये धमकी ईमेल के जरिए दी गई है। ईमेल में दोनों जगहों पर बम ब्लास्ट किए जाने की टाइमिंग का भी जिक्र किया गया है। धमकी देने वाले ने लिखा है कि 21 जुलाई दोपहर 3:11 बजे सबसे पहले पटना सचिवालय में बम का धमाका होगा। इसके बाद रात में 9 बजकर 11 मिनट पर मुख्यमंत्री ऑफिस और आवास को बम से उड़ाएंगे। पूरी खबर पढ़ें

2. ‘जीविका दीदियों के फीडबैक पर बिजली फ्री की’
पटना में CM सम्राट चौधरी ने आज जीविका के जरिए चयनित 2446 कैंडडेट्स को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस उन्होंने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि 2024 और 2025 में हमने जीविका दीदियों के जरिए महिला संवाद करवाया। वहां से संवाद हमारे पास आया कि पेंशन की राशि कम है। इसके बाद हमने पेंशन की राशि बढ़ाई। कई महिलाओं ने कहा कि बहुत ज्यादा बिजली बिल देना पड़ता है। हमने कठोर फैसला लिया। 1 करोड़ 70 लाख परिवारों को हम 125 यूनिट मुफ्त बिजली दे रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें
3. अवध ओझा का फैजल खान को जवाब, मैं-राजा ही बनाता हूं
खान ग्लोबल स्टडीज के डायरेक्टर इन दिनों फिर से चर्चा में हैं। कोचिंग विवाद में जमानत मिलने के बाद वो एक पॉडकास्ट में शामिल हुए। बातचीत के दौरान उन्होंने कई बातें कहीं। उन्होंने अवध ओझा पर कहा था कि अवध ओझा तो राजा बनने की बात बताते हैं। फैजल खान के बयान पर अवध ओझा का रिएक्शन आया है। उन्होंने कहा है कि जिस देश में इतनी गरीबी हो। लोग सेल्फी लेने के लिए गिड़गिड़ाते हैं। भिखमंगों की पूरी फौज खड़ी हो गई है। वहां तो कोई तो होगा ना जो लोगों का जगाएगा और बताएगा कि तुम भी राजा हो। पूरी खबर पढ़ें
4. ‘मंदिर-मठ के पास गांजे का धुआं उड़ रहा’
विधानसभा अध्यक्ष प्रेम कुमार सदस्यों को सीट पर जाने को कहा। उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी ने कहा कि विधेयक आएगा तो चर्चा होगी। कोई कर लग रहा है तो विपक्ष संशोधन प्रस्ताव सदन में लाए। तब विपक्षी सीट पर लौटे। इधर, विधान परिषद में सूखे नशे का मुद्दा उठा। राजद एमएलसी सुनील सिंह ने कहा, ‘बिहार में गांजा,चरस तो एकदम सामान्य है। मंदिरों के पास गांजे का धुआं उड़ रहा है।’ मंदिर, मठ-आश्रमों के नाम लेने पर बीजेपी विधायकों ने सुनील सिंह का विरोध किया। इस पर सुनील सिंह ने कहा कि मंदिर का सब पैसा आप लोग खा गए। पूरी खबर पढ़ें

5. शादी के 19 दिन बाद दूल्हे के सामने दुल्हन किडनैप
शादी के 19 दिन बाद पति के सामने दुल्हन की किडनैपिंग का मामला सामने आया है। नया जोड़ा परिवार के साथ मुंगेर स्थित मछली तालाब घूमने गया था। वहां से लौटने के दौरान पत्नी के मायके वाले अपने घर चले गए, जबकि आनंद अपनी पत्नी के साथ ई-रिक्शा से जमालपुर की ओर जा रहे थे। इसी बीच 3 बाइक पर आए बदमाशों ने ई-रिक्शा को घेरा और नई दुल्हन को उठाकर ले गए। पूरी खबर पढ़ें
6. क्लीनिक के थर्ड फ्लोर पर मिली नर्स की बॉडी
बेतिया के प्राइवेट क्लीनिक में एक नर्स की लाश मिली है। क्लीनिक के थर्ड फ्लोर पर गद्दों के नीचे बॉडी को ढंककर रखा गया था। मृतका की पहचान 23 साल की ममता कुमारी के रूप में हुई है। ममता शेखवना मठ इलाके में रहती थी। वो 6 सालों से डॉक्टर संतोष कुमार सिंह और डॉक्टर रूबी के क्लीनिक में काम कर रही थी। मृतका की बड़ी बहन खुशी देवी ने बताया कि ममता का मोबाइल फोन एक दिन पहले से बंद था। इसके बाद हमने क्लीनिक के कमरों की तलाशी ली तो ममता की बॉडी मिली। पूरी खबर पढ़ें
7. तीसरी मंजिल से गिरकर बिहार की महिला टीचर की मौत
मैं जा तो रही हूं मां, लेकिन मुझे लग रहा है कि शायद अब कभी आपके पास वापस नहीं आ पाऊंगी। बिहार की भागलपुर की रितु के वे आखिरी शब्द थे, जो उसने 13 जुलाई को फरीदाबाद के लिए रवाना होते समय अपनी मां से कहे थे। चार दिन बाद, 17 जुलाई को फरीदाबाद के सेक्टर-9 स्थित ससुराल की तीसरी मंजिल से गिरने से उसकी मौत हो गई। रितु के भाई संदीप ने दैनिक भास्कर से बातचीत में आरोप लगाए कि यह हादसा नहीं, बल्कि ससुराल पक्ष ने धक्का देकर उसकी हत्या की है। पूरी खबर पढ़ें
8. पति-पत्नी की हत्या, बैंककर्मी को 12 चाकू मारे
मुजफ्फरपुर में सोमवार देर शाम रिटायर्ड बैंककर्मी और उनकी पत्नी की हत्या कर दी गई। पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) से रिटायर्ड कैशियर अशोक कुंवर का शव दूसरी मंजिल पर बेडरूम में पलंग पर औंधेमुंह खून से लथपथ मिला, जबकि नीलम देवी का शव तीसरी मंजिल के एक कमरे में मिला। अशोक कुंवर के शरीर पर चाकू से वार के कई निशान मिले हैं, जबकि पत्नी के हाथ-पैर रस्सी से बंधे थे और मुंह पर चौड़ा टेप चिपकाया गया था। शुरुआती जांच में पत्नी की गला दबाकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। पूरी खबर पढ़ें

9. छात्रा ने प्रिंसिपल, रसोइया को आपत्तिजनक हालत में देखा
बेगूसराय के एक सरकारी स्कूल में छठी क्लास की छात्रा ने प्रिंसिपल और महिला रसोइया को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया। आरोप है कि मामला बाहर ना आए इसके लिए दोनों ने छात्रा को पहले बहलाने-फुसलाने की कोशिश की। छात्रा को डराया और धमकाया भी गया, लेकिन छात्रा ने उनकी बात मानने से इनकार कर दिया। इसके बाद शनिवार रात रसोइया उसके घर पहुंची। वहां उसने परिजनों के साथ गाली-गलौज, बदसलूकी और हंगामा किया। सोमवार को स्कूल खुला तो ग्रामीण स्कूल पहुंचे और मेन गेट पर ताला जड़ दिया। पूरी खबर पढ़ें
10. सभी जिलों में कल मौसम सामान्य रहेगा
बिहार के सभी जिलों में कल यानी बुधवार को मौसम सामान्य रहेगा। पटना, शेखपुरा, नालंदा, नवादा, गया आदि जिलों में बादल छाए रह सकते है। हालांकि, कल से अगले कुछ दिनों तक उमस भरी गर्मी से लोग परेशान होंगे।


