
Giridih News : झारखंडधाम. हीरोडीह थाना क्षेत्र के बलयडीह में शुक्रवार की सुबह जमीन विवाद में दो पक्ष आपस में भिड़ गये. दोनों पक्षों ने जमीन को अपना बताते हुए एक दूसरे पर लाठियां बरसाईं. इसमें कई लोग घायल हो गये हैं. एक पक्ष की उषा देवी ने हीरोडीह पुलिस को आवेदन देकर कहा है कि 104 डिसमिल जमीन उनकी सास यशोदा देवी ने वर्ष 1984 में बलयडीह की पुष्पा देवी से रजिस्ट्री करवायी थी. उक्त जमीन का रसीद भी जमुआ अंचल कार्यालय से निर्गत है. कहा कि कुछ लोगों द्वारा जमीन हड़प लेने की सूचना मिलने पर वह अपने परिजन के साथ शुक्रवार की सुबह जमीन पर गयी. इसी दौरान धुरैता के उपेंद्र सिन्हा, अजिताभ सिन्हा, बलयडीह के लखन यादव, महेशरायडीह के राजेश यादव, मल्हो के प्रदीप साव वहां पहुंचे और हमला कर दिया. बीच-बचाव करने उनकी गोतनी गीता देवी से भी मारपीट की. उसके देवर अविनाश भदानी से मारपीट कर दस हजार रुपये छीन लिये. वहीं, दूसरे पक्ष के उपेंद्र सिन्हा ने आवेदन देकर कहा है कि उक्त जमीन उनके दादा जवाहर लाल के नाम सर्वे खतियान में दर्ज है. उसका परिवार ही जमीन का असली हकदार है. वह अपनी जमीन की देखरेख के लिए गये थे. इसी बीच अवधेश भदानी, मनीष भदानी, अखिलेश भदानी, आशीष भदानी, अविनाश भदानी, गीता देवी, राहुल भदानी वहां आये और उनके साथ मारपीट करने लगे. बीच-बचाव करने आये उसके पुत्र रानू कुमार व प्रदीप साव पर लाठी से हमला किया. पुलिस मामले की छानबीन कर रही है.
The post Giridih News : जमीन विवाद को लेकर दो पक्ष भिड़े, कई जख्मी appeared first on Prabhat Khabar.

