भास्कर के ऑपरेशन रेड लाइट के बाद बिहार में चल रहे ऑर्केस्ट्रा के खिलाफ पुलिस का एक्शन जारी है। देर रात गोपालगंज के 15 ऑर्केस्ट्रा पर पुलिस ने रेड की। यहां से 40 नाबालिग लड़कियों को रेक्स्यू किया गया है।
.
पुलिस ने 22 लोगों को गिरफ्तार किया है। जो यहां लड़कियों से अश्लील डांस और गलत काम करवाते थे। सभी लड़कियां पश्चिम बंगाल, असम, दिल्ली, पंजाब, राजस्थान और छत्तीसगढ़ की हैं।
इससे पहले पुलिस ने 5 और 2 मई को भी सीवान के अलग-अलग ऑर्केस्ट्रा में रेड की थी। 5 मई को 22 लड़कियों को रेस्क्यू किया। 2 मई को 21 लड़कियां छुड़ाई गईं थी। पुलिस ने सारण से भी 3 लड़कियों को छुड़ाया है।
भास्कर की महिला रिपोर्टर 5 दिनों तक रेड लाइट एरिया के पैटर्न पर चल रहे ऑर्केस्ट्रा में रही थी। इस दौरान उसे 3 बार बेचा भी गया था।
हमने ऑर्केस्ट्रा के नाम पर चल रहे धंधे को एक्सपोज किया था। इसके बाद से पूरे बिहार के ऑर्केस्ट्रा में पुलिस की ताबड़तोड़ रेड जारी है।
अब सिलसिलेवार तरीके से जानिए भास्कर के ऑपरेशन रेड लाइट के बाद पुलिस का का एक्शन….
गोपालगंज से 40 नाबालिग लड़कियां रेक्स्यू
गोपालगंज पुलिस ने देर रात 1 बजे कुचायकोट थाना क्षेत्र में 15 ऑर्केस्ट्रा में रेड की। ये छापेमारी सुबह 7 बजे तक चली। छापेमारी अपर पुलिस महानिदेशक (कमजोर वर्ग) अमित जैन, गोपालगंज के पुलिस अधीक्षक विनय तिवारी के नेतृत्व में की गई।
कुचायकोट पुलिस, एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन, नारायणी सेवा संस्थान और पटना स्थित बिहार पुलिस मुख्यालय ने संयुक्त रूप से ये ऑपरेशन चलाया।
रेस्क्यू की गई लड़कियों को काउंसलिंग के बाद सुरक्षित जगह भेज दिया गया है। उनकी उम्र के सत्यापन की प्रक्रिया और अन्य कानूनी कार्रवाई जारी है।
पुलिस ने बताया लड़कियों को देखने पर उम्र 10 से 17 साल है। फिलहाल मिली जानकारी के अनुसार इन बच्चियों को झांसा देकर ट्रैफिकिंग के जरिए गया था।

गोपालगंज पुलिस ने देर रात 15 से ज्यादा ऑर्केस्ट्रा पर रेड की।
लड़कियों की ट्रैफिकिंग कर उन्हें लाया गया था
एसोसिएशन फॉर वालंटरी एक्शन के वरिष्ठ निदेशक मनीष शर्मा ने कहा, इस अभियान ने एक बार इस तथ्य को उजागर किया है कि कितने बड़े पैमाने पर लड़कियों की ट्रैफिकिंग कर उन्हें राज्य के विभिन्न हिस्सों में चल रहे ऑर्केस्ट्रा समूहों में धकेला जा रहा है।
इन लड़कियों को बहला-फुसलाकर यौन शोषण और उत्पीड़न के अंतहीन दलदल में धकेल दिया जाता है। हमें ट्रैफिकिंग के संगठित अपराध और ऑर्केस्ट्रा समूहों की मिलीभगत के खिलाफ निर्णायक कार्रवाई करने की जरूरत है।
इन्हें सख्त सजा देने के साथ ही पीड़ित बच्चियों के पुनर्वास और पर्याप्त मुआवजे की तत्काल आवश्यकता है। न्याय में किसी भी तरह की देरी इन बच्चों को दोबारा निराश कर सकती है।
ऑर्केस्ट्रा समूह शादी-ब्याह के समय ट्रैफिकिंग के जरिए पड़ोसी राज्यों से नाबालिग बच्चियों को लाते हैं और इन्हें विवाह समारोहों में भोजपुरी गानों पर अश्लील नृत्य के लिए मजबूर किया जाता है।
हालांकि इनके यौन उत्पीड़न का सिलसिला समारोह खत्म होने के बाद भी जारी रहता है। चूंकि शादी-ब्याह का मौसम कुछ ही दिनों में खत्म होने वाला है, इसलिए छापे के लिए जानबूझकर ऐसा दिन चुना गया जब कोई लग्न नहीं हो और ये सभी लड़कियां अपने ठिकानों पर मौजूद रहें।

रेस्क्यू की गई नाबालिग लड़कियों को बसों से सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया।
लड़कियां बोलीं- बॉयफ्रेंड बनकर ट्रैप किया फिर यहां छोड़ा
रेस्क्यू की गई लड़कियों ने बताया, उन्हें उनके कथित प्रेमी ने बेच दिया या फिर पैसे, नाम और बेहतर जिंदगी का लालच देकर शोषण के दलदल में धकेल दिया।
कुछ लड़कियों ने बताया कि उन्हें भरोसा दिलाया गया था कि अगर वे ऑर्केस्ट्रा से जुड़ी रहेंगी तो उन्हें भोजपुरी फिल्मों में काम करने का मौका भी मिलेगा।
5 मई को सीवान से 22 लड़कियों का रेस्क्यू किया गया था
इससे पहले पुलिस ने सीवान के जामो थाना इलाके से 22 नाबालिग लड़कियों को रेक्स्यू किया था। पुलिस ने बताया था कि इन सभी नाबालिगों से जिस्मफरोशी का धंधा कराया जा रहा था।
SP समेत कई थानों की पुलिस ने अलग-अलग जगह पर छापेमारी अभियान चलाया।सिविल ड्रेस पहनकर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और कमरे से एक-एक कर लड़कियों को बरामद किया गया।
बता दें कि SP पूरन कुमार झा के निर्देश पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इसके तहत अलग-अलग थाना क्षेत्रों में टीम बनाकर कार्रवाई की जा रही है।

सीवान से 5 मई को पुलिस ने 22 नाबालिग लड़कियों को रेस्क्यू किया था।
2 मई को 21 लड़कियों को छुड़ाया गया था
सीवान SP पूरन झा के आदेश पर जिले के सभी थानों की पुलिस ऑर्केस्ट्रा को स्कैन करने में जुटी है। सीवान में 300 से अधिक ऑर्केस्ट्रा को स्कैन किया गया है।
2 मई को सीवान में ऑर्केस्ट्रा से पुलिस ने 21 नाबालिग लड़कियों को बरामद किया था। जिस जगह हमने ऑपरेशन रेड लाइट चलाया था उसी जगह यानी पचरुखी बाजार से ही सभी लड़कियों को बरामद किया गया है।
पुलिस के मुताबिक ये ऑर्केस्ट्रा में काम कर रही थीं, जबरन इनसे अश्लील डांस कराया जाता है। गुठनी के साथ मुफ्फसिल थाने के अलग-अलग इलाको में छापेमारी की जा रही है।

सीवान में 2 मई को पुलिस ने रेड के दौरान 21 नाबालिगों को बरामद किया था।
किशनगंज से 8 गिरफ्तारी, कई एजेंट्स भाग निकले
किशनगंज पुलिस ने भी बड़ा एक्शन लिया है। बहादुरगंज थाना क्षेत्र के प्रेमनगर रेड लाइट एरिया में बाहर से बहला-फुसलाकर लाई गई युवतियों से जबरन देहव्यापार कराए जाने का खुलासा हुआ है।
बहादुरगंज थाना पुलिस ने छापेमारी कर इस अवैध धंधे में शामिल 5 पुरुषों और 3 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। संचालिका मनु आरा को भी मौके से धर दबोचा गया है।
पुलिस की कार्रवाई से रेड लाइट एरिया में धंधे से जुड़े एजेंट भागने लगे। पुलिस टीम ने मौके से कुल 8 लोगों को पकड़ा जबकि कुछ एजेंट भाग गए। कई ठिकानों पर छापेमारी के दौरान आपत्तिजनक सामान भी मिले।
पुलिस कार्रवाई के दौरान जिन लोगों की पहचान हुई, उनमें पौआखाली थाना क्षेत्र के रसिया निवासी 19 साल के उमेश कुमार, 18 साल के राम कुमार, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के नटूआपाड़ा निवासी 56 साल के गफ्फार आलम शामिल हैं।
इनके अलावा पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले की ताकीपुर निवासी 35 साल की अकाली शेख, बहादुरगंज थाना क्षेत्र के आमबाड़ी निवासी 25 साल के सरकुल और पश्चिम बंगाल के मठपारा निवासी 40 साल की मनु आरा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मनु आरा इस धंधे की संचालिका है।
पुलिस के मुताबिक छापेमारी के दौरान अधिक संख्या में कंडोम के पैकेट बरामद किए हैं। संचालिका मनु आरा पश्चिम बंगाल की रहने वाली है। वह काफी समय से देह व्यापार का धंधा चला रही है।
सूत्र बताते हैं कि धंधा 20 साल से चल रहा था, लेकिन अभी तक पुलिस का एक्शन नहीं हुआ था। भास्कर के ऑपरेशन रेड लाइट के बाद पुलिस मुख्यालय के आदेश पर पूरे बिहार में छापेमारी चल रही है। इसी क्रम में किशनगंज थाना की पुलिस ने प्रेमनगर इलाके से बड़ा खुलासा किया है।

ऑपरेशन रेड लाइट के बाद से बिहार के ऑर्केस्ट्रा में पुलिस ताबड़तोड़ रेड कर रही है।- टीम बनाकर छापेमारी के लिए जारी सीवान पुलिस।
——————–
अब ऑपरेशन रेड लाइट तीनों पार्ट भी पढ़िए जिसके बाद ये एक्शन शुरू हुए…
पार्ट-1: 5 दिन रेड लाइट एरिया में महिला रिपोर्टर: एजेंट्स ने 3 बार बेचा; कैसे लड़कियों का किया जाता है ब्रेनवॉश, साठगांठ एक्सपोज

‘लड़की तो एकदम हॉट है। देखने वाला पागल हो जाएगा। फेस देखकर लोग मुंह मांगी कीमत देने को तैयार हो जाएंगे। हरियाणा वाली है, कस्टमर को खुश कर देगी। बिहार में ऐसी आइटम नहीं मिलेगी। मुझे तो अब तक ऐसी नैन नख्श वाली लड़की नहीं मिली…। कहां से आई हो..। अब तक कहां थी। मार्केट में पहली बार तुम्हें देखा है। यह जगह तुम्हारे लिए सही नहीं है। मेरे साथ चलो, विधायक जी से मिलवा दूंगा। एक बार उन्होंने हाथ रख दिया तो जिंदगी बदल जाएगी। रानी बनाकर रखेंगे। इलाके के लोग भी सलाम ठोकेंगे..।’ पूरी खबर पढ़िए
पार्ट-2: इंजेक्शन लगाकर लड़कियों को जवान बना रहे: बॉयफ्रेंड बनकर प्रेग्नेंट करते, 5 लाख में बच्चों का सौदा, डॉक्टर बोला- हॉस्पिटल-कस्टमर सब सेट

“अनमैरिड लड़की है। बच्चे को लेकर कोई क्लेम नहीं करेगी। आप लड़की को हॉस्पिटल लाइएगा। यहां अल्ट्रासाउंड करके बच्चे का जेंडर का पता कर लेंगे। लड़का निकला तो मुंह मांगे पैसे मिल जाएंगे, लड़की हुई तो भी अच्छे पैसे बच जाएंगे। पुलिस का कोई टेंशन नहीं है, हमने पहले बहुत बच्चों को एडजेस्ट कराया है।” अनमैरिड लड़कियों के बच्चों को बेचने का ऑफर सीवान के मशहूर नवीन मैटरनिटी एंड चाइल्ड केयर के बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर नवीन कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़िए
पार्ट-3: ‘रेड लाइट एरिया की दीदी कहती-कस्टमर खुश करो, आगे बढ़ो’: ट्रैप में डॉक्टर की बेटी, बोली- बॉयफ्रेंड बेच गया; रिपोर्टर ने सुना लड़कियों का दर्द

‘तुम सुंदर हो। वायरल हो जाओगी। बोल्ड कपड़े पहनकर खुद को एक्सपोज करो। जो दिखता है, वही बिकता है। बाहरी दुनिया से यहां सब सेफ है। मालिक जो बोलेगा कर देना। वह खुश रहेगा तो गाड़ी, बंगला सब मिल जाएगा। बिहार है, यहां डांसर्स हिट हो जाती हैं। कई वायरल होकर फिल्मी दुनिया में चली गई हैं। तुम भी हिट हो जाओगी, फिल्मों में दिखोगी..।’ रेड लाइट एरिया के पैटर्न पर चल रहे ऑर्केस्ट्रा में लड़कियों का ब्रेनवॉश इसी तरह से किया जाता है। इस काम के लिए वहां पेशेवर महिलाएं रखी जाती हैं। पूरी खबर पढ़िए
