
खैरा (जमुई) से गुलशन कश्यप की रिपोर्ट JAMUI NEWS :
एक युवक की शादी में एक पूरा परिवार लगा हुआ था. बेटा पूरे गाजे-बाजे के साथ बारात गया था और परिवार में जश्न का माहौल चल रहा था. एक तरफ बेटे की शादी चल रही थी, लेकिन दूसरी तरफ कुछ ऐसा हुआ कि शादी की खुशियां मातम में बदल गई. शहनाईयों का शोर करुण विलाप में बदल गया. मामला खैरा थाना क्षेत्र के जोगाझिंगोई गांव का है, जहां अपने बहु का इंतजार कर रही एक मां हादसे का शिकार बन गई. तेज रफ्तार ने शादी के जश्न में डूबे परिवार की खुशियां छीन ली. जानकारी के अनुसार खैरा-सोनो मार्ग पर एनएच 333 ए पर एक तेज रफ्तार ऑटो ने एक महिला को टक्कर मार दी. इस घटना में गांव निवासी विशुन मालाकार की 61 वर्षीय पत्नी रोबा देवी उर्फ सरस्वती देवी गंभीर रूप से जख्मी हो गई. परिजनों के द्वारा घायल बुजुर्ग महिला को इलाज के लिए एक निजी क्लिनिक में भर्ती कराया गया, लेकिन गुरुवार सुबह महिला की मौत हो गई. बताते चलें कि मृतका के बेटे की शादी थी और घर के सभी लोग बारात में गए हुए थे. इसी बीच रोबा देवी किसी काम से सिंगारीटांड गई थी. जहां से लौटने के क्रम में एक तेज रफ्तार ऑटो ने उसे ठोकर मार दी, और इस घटना में उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची है और शव को अपने कब्जे में लेकर अंत्य परीक्षण हेतु सदर अस्पताल भेज दिया है. घटना के बाद पूरे गांव में मातम पसर गया है.The post JAMUI एक तरफ हो रही थी बेटे की शादी, एक हादसे ने छीन ली मां की जिंदगी appeared first on Prabhat Khabar.

