रांची के धुर्वा स्थित JSCA स्टेडियम में मंगलवार शाम जेपीएल टी-20 फाइनल मुकाबले के दौरान भगदड़ मच गई। इस घटना में कई दर्शक घायल हो गए। स्टेडियम में भारी अव्यवस्था के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई।
.
मैच देखने के लिए उम्मीद से कहीं अधिक संख्या में क्रिकेट प्रेमी स्टेडियम पहुंच गए थे। वेस्ट गेट पर अत्यधिक भीड़ जमा होने से अफरातफरी मच गई। प्रवेश के दौरान धक्का-मुक्की बढ़ने से भगदड़ जैसी स्थिति बन गई।
दोपहर से ही दर्शकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी
भगदड़ में कई दर्शक घायल हुए हैं। कुछ लोगों को मामूली चोटें आईं, जबकि कुछ को गंभीर चोटें लगीं। जानकारी के अनुसार, फाइनल मुकाबले के लिए मंगलवार दोपहर से ही दर्शकों की भीड़ जुटनी शुरू हो गई थी।
मैच शुरू होने से पहले ही वेस्ट गेट पर हजारों लोग पहुंच चुके थे। बताया गया कि सुरक्षा जांच की धीमी प्रक्रिया के कारण क्रिकेट प्रेमियों की लंबी कतारें लग गईं। पीछे से लगातार बढ़ते भीड़ के दबाव के कारण धक्का-मुक्की शुरू हुई और हालात बेकाबू हो गए।
वेस्ट गेट के एक हिस्से में भी तोड़फोड़
घटना के बाद अव्यवस्था और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर दर्शकों में भारी गुस्सा देखा गया। आक्रोशित भीड़ ने बैरिकेडिंग तोड़ दी और वेस्ट गेट के एक हिस्से में भी तोड़फोड़ की।
बिगड़ते हालात की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल और सुरक्षाकर्मियों को मौके पर तैनात किया गया। इसके बाद स्थिति पर काबू पाया जा सका। इस घटना ने स्टेडियम की सुरक्षा व्यवस्था और भीड़ प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।


