![]()
बिहार विधान परिषद के कोसी स्नातक निर्वाचन क्षेत्र का मतदान शांतिपूर्ण तरीके से पूरा हो गया है। चुनाव के बाद पूर्णिया के जिला स्कूल परिसर में मुख्य स्ट्रांग रूम बनाया गया है। यहां 14 जिलों के 181 पोलिंग बूथों से आई मतपेटियों को सुरक्षित रखा जाएगा। डीएम अंशुल कुमार ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि कोसी स्नातक क्षेत्र के लिए 14 जिलों से मतपेटिकाएं पूर्णिया पहुंची हैं। बताया कि मतपेटियां पहुंचने के बाद उन्हें राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के प्रतिनिधियों के समक्ष विधिवत सील कर स्ट्रॉन्ग रूम में रखा जाएगा। राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों के बैठने के लिए पंडाल की व्यवस्था की गई है, जहां सीसीटीवी फुटेज की सीधी स्क्रीन लगाई जाएगी ताकि वे निगरानी कर सकें कि स्ट्रॉन्ग रूम में किसी प्रकार की छेड़खानी न हो। मतगणना के लिए कमिश्नर की बैठक आगामी 27 तारीख को सुबह उम्मीदवारों, चुनाव एजेंटों और मतगणना एजेंटों के समक्ष मतगणना संपन्न कराई जाएगी। पूर्णिया प्रमंडलीय आयुक्त दिनेश कुमार द्वारा 14 जिलों के डीएम और एसपी के साथ बैठक की गई है। जब तक सभी पोलिंग पार्टियां और मतपेटिकाएं सुरक्षित रूप से नहीं पहुंच जातीं, सभी अधिकारी मुस्तैद रहेंगे। लौटने वाली पोलिंग पार्टियों के लिए 16 काउंटर बनाए गए हैं। रिसेप्शन काउंटर पर उनके लिए नि:शुल्क चाय और भोजन की व्यवस्था की गई है। रास्ते में किसी गाड़ी के ब्रेकडाउन होने पर स्पेयर गाड़ियों की व्यवस्था रखी गई है। किसी भी समस्या के समाधान के लिए कंट्रोल रूम लगातार निर्बाध रूप से चालू है। पूर्णिया जिले में एमएलसी चुनाव के लिए 17 पोलिंग बूथ बनाए गए थे। इनमें 14 प्रखंड कार्यालय और नगर निगम के 3 बूथ शामिल थे। सभी मतपेटियों को जिला स्कूल तक सुरक्षित लाने के लिए पूर्णिया पुलिस ने ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। यह एडवाइजरी 23 अक्टूबर की शाम 5 बजे से 24 अक्टूबर की सुबह 8 बजे तक लागू रहेगी। इसका मकसद सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखना और यातायात को आसान बनाना है। शहर में बने नो-एंट्री ज़ोन जारी एडवाइजरी के मुताबिक 23 अक्टूबर 2026 कि शाम 5 बजे से 24 अक्टूबर 2026 की सुबह 8 तक शहर के आस्था मंदिर से जिला स्कूल जाने वाली सड़क पर सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित कर दिया गया है। जबकि खीरू चौक से जिला स्कूल की ओर जाने वाली सड़क पर वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। इस सड़क पर ज़िला स्कूल परिसर है, जिसे स्ट्रांग रूम बनाया गया है। इसके अलावा शहर के बाहरी क्षेत्रों में जीरो माईल से लाइन बाजार, बेलौरी चौक तथा कटिहार मोड़ से लाइन बाजार की तरफ आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों का प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगा। जबकि मरंगा चौक की ओर से आने वाली बसें केवल बस स्टैंड तक आएंगी और वहीं से वापस लौट जाएंगी। जबकि आर०एन०साह चौक की तरफ कोई भी बस या भारी वाहन नहीं आएगा। क्या है वैकल्पिक मार्ग और डायवर्जन जारी एडवाइजरी के मुताबिक बनभाग की ओर से आने वाले भारी वाहन न्यू बाईपास के रास्ते होकर आगे बढ़ेंगे। अररिया व किशनगंज की ओर से आने वाले भारी वाहन जीरो माईल से नेवालाल चौक होते हुए मरंगा बाईपास के रास्ते निकलेंगे। जबकि कटिहार की ओर से आने वाले भारी वाहन बेलौरी चौक से जीरो माईल होकर गुजरेंगे। यहां होगी पार्किंग व्यवस्था जारी एडवाइजरी के मुताबिक चुनाव ड्यूटी में प्रतिनियुक्त सभी कर्मचारियों एवं पदाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग जिला स्कूल के पूर्व स्थित डी.एस.ए.मैदान में की जाएगी। यातायात डीएसपी ने साफ तौर पर कहा है कि यातायात व्यवस्था सुचारू रखने तथा शहर में जाम से बचने के लिए पुलिस प्रशासन, थानाध्यक्ष जलालगढ़, कसबा, सदर, मरंगा, मुफस्सिल, के०नगर, सरसी, बनमनखी, जानकीनगर अपने अपने इलाकों में मुस्तैद है। पूर्णिया पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें और प्रतिबंधित मार्गों पर वाहन ले जाने से बचें। किसी भी प्रकार की समस्या के समाधान के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है । इसमें पुलिस उपाधीक्षक (यातायात) से सम्पर्क करने के लिए 9031827778 पर डायल करें जबकि थानाध्यक्ष यातायात थाना से सम्पर्क के लिए 9031827767 नंबर दिया गया है ।
MLC चुनाव- पूर्णिया में स्ट्रॉन्ग रूम में पहुंचाई गईं मतपेटियां:सुरक्षा के मद्देनजर ट्रैफिक डायवर्ट, जिला स्कूल रोड पर गाड़ियों को नो एंट्री
