रांची | अरगोड़ा थाना क्षेत्र के न्यू एजी कॉलोनी में दिनदहाड़े स्कूटी चोरी का मामला सामने आया है। सैमसंग सर्विस सेंटर के सामने खड़ी स्कूटी को दो चोर कुछ मिनटों में लेकर फरार हो गए। घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों युवक नजर आ रहे हैं। पीड़ित आयुष कुमार के अनुसार, उन्होंने 22 अक्टूबर को सुबह करीब 10:30 बजे अपनी स्कूटी न्यू एजी कॉलोनी स्थित एच-1, 183, सैमसंग सर्विस सेंटर के सामने खड़ी की थी और ऑफिस चले गए थे। दोपहर करीब दो बजे लौटने पर स्कूटी गायब मिली। उन्होंने आसपास काफी खोजबीन की, लेकिन वाहन का कोई सुराग नहीं मिला। सीसीटीवी फुटेज में पहले एक युवक स्कूटी के पास पहुंचता दिखाई देता है। वह कथित तौर पर मास्टर-की से लॉक खोलता है। इसके बाद उसका साथी वहां पहुंचता है और स्कूटी स्टार्ट कर दोनों फरार हो जाते हैं। फुटेज में दोनों के चेहरे दिखाई देने का दावा किया जा रहा है। आयुष कुमार ने अरगोड़ा थाने में आवेदन देकर स्कूटी बरामद करने की गुहार लगाई है।
