![]()
झारखंड शिक्षक पात्रता परीक्षा (जेटेट)-2026 के संचालन में शिक्षकों (वीक्षकों) की कमी नहीं हो, इसके लिए झारखंड शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (जेसीईआरटी) ने प्रशिक्षण कार्यक्रम में बदलाव किया है। रांची के एआरटीटीसी, बीएसएनएल परिसर में 1 से 5 नवंबर तक प्रारंभिक स्कूलों के शिक्षकों के लिए आयोजित सतत पेशेवर विकास प्रशिक्षण स्थगित कर दिया गया है। वहीं, परीक्षा में शिक्षक के रूप में प्रतिनियुक्त माध्यमिक और उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षकों को भी प्रशिक्षण से मुक्त रखने का निर्देश दिया गया है। प्रशिक्षण की अगली तिथि बाद में घोषित होगी। इस संबंध में जेसीईआरटी के निदेशक शशि रंजन द्वारा शुक्रवार को राज्य के सभी जिला शिक्षा पदाधिकारियों को निर्देश भेज दिए गए हैं। झारखंड अधिविद्य परिषद (जैक) के अनुसार, जेटेट का आयोजन 1 नवंबर को राज्य के सभी जिलों में बनाए गए 986 परीक्षा केंद्रों पर होगा। परीक्षा में करीब 35 हजार से 40 हजार सेवाकालीन सरकारी शिक्षकों के शामिल होने की संभावना है। इतनी बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों की परीक्षा के संचालन के लिए पर्याप्त वीक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करना जरूरी है। जेसीईआरटी ने कहा है कि 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक का सतत पेशेवर विकास प्रशिक्षण माध्यमिक एवं प्लस टू हाई स्कूलों के शिक्षकों के लिए निर्धारित है। यदि कक्षा 9 से 12 तक के किसी शिक्षक की जेटेट में वीक्षक बनाया गया है तो उन्हें इस अवधि के प्रशिक्षण से मुक्त रखा जाएगा। साथ ही, शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति करते समय प्रशिक्षण के मास्टर प्रशिक्षकों को ड्यूटी पर लगाने से बचने या उनकी प्रतिनियुक्ति न्यूनतम रखने का निर्देश दिया गया है। किनके लिए क्या बदला प्राथमिक स्कूल के शिक्षक: 1 से 5 नवंबर का सतत पेशेवर विकास प्रशिक्षण पूरी तरह स्थगित; नई तारीखों का इंतजार करेंगे। माध्यमिक व प्लस टू शिक्षक (कक्षा 9-12): 29 अक्टूबर से 3 नवंबर तक का प्रशिक्षण जारी रहेगा, लेकिन जिनकी ड्यूटी जेटेट में लगी है, वे परीक्षा ड्यूटी करेंगे-उन्हें ट्रेनिंग से छूट रहेगी। मास्टर प्रशिक्षक : जिलों को हिदायत दी गई है कि मास्टर प्रशिक्षकों को जहां तक संभव हो परीक्षा ड्यूटी से अलग रखा जाए। एक नजर में जेटेट परीक्षा परीक्षा : 1 नवंबर, 2026 परीक्षा केंद्र: 986 संभावित शिक्षकों की प्रतिनियुक्ति : 35 से 40 हजार
जेटेट… टीचर्स ट्रेनिंग स्थगित:परीक्षा ड्यूटी वालों को छूट, 1 नवंबर को 35 से 40 हजार शिक्षक परीक्षा देंगे
