मुजफ्फरपुर9 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुजफ्फरपुर के सदर थाना क्षेत्र के डुमरी स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम में गुरुवार को शातिर बदमाशों ने सुनियोजित तरीके से चोरी की वारदात को अंजाम दिया। बदमाश अपने साथ गैस कटर लेकर पहुंचे और एटीएम मशीन को काटकर उसमें रखे 3.77 लाख रुपए निकाल लिए।
वारदात के दौरान उन्होंने एटीएम कक्ष के अंदर स्प्रे का भी इस्तेमाल किया। इसके बाद बदमाश कार से फरार हो गए। घटना की जानकारी एटीएम में लगा सुरक्षा सायरन सक्रिय होने के बाद पटना स्थित कंट्रोल रूम को मिली। वहां से सदर थाना पुलिस को सूचना दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

एचडीएफसी बैंक के एटीएम को बनाया निशाना।
कैश मिलान में सामने आई चोरी
घटनास्थल पर बैंक अधिकारियों और कैश एजेंसी के कर्मचारियों ने एटीएम में रखी नकदी का मिलान किया। जांच में 3 लाख 77 हजार 700 रुपए गायब मिले। इसके बाद बैंककर्मी मुकेश कुमार के आवेदन पर सदर थाना में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई।
सीसीटीवी में कैद हुए चार संदिग्ध
पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में चार संदिग्ध बदमाश एक कार से एटीएम तक आते दिखाई दिए। पुलिस अब वाहन और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है।

गैस कटर से काटा मशीन।
चार थाना क्षेत्रों में छापेमारी
सदर थानाध्यक्ष नवलेश कुमार आजाद ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए चार अलग-अलग थाना क्षेत्रों में लगातार छापेमारी चल रही है।
वहीं, डीएसपी टाउन-2 विनीता सिन्हा ने बताया कि डुमरी स्थित एचडीएफसी बैंक के एटीएम को गैस कटर से काटकर चोरी की गई है। बदमाश अपने साथ गैस कटर लेकर आए थे और एटीएम कक्ष में स्प्रे का इस्तेमाल कर वारदात को अंजाम दिया। उन्होंने कहा कि सीसीटीवी फुटेज में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई हैं। पुलिस जल्द ही पूरे मामले का खुलासा करेगी।



