![]()
सोशलिस्ट स्टूडेंट्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया ने शुक्रवार को पूर्णिया विश्वविद्यालय के कुलपति को तीन सूत्री मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा। संगठन ने कहा कि अगर 15 दिनों के भीतर मांगों पर कार्रवाई नहीं हुई, तो छात्रहित में विश्वविद्यालय का शांतिपूर्ण घेराव किया
.
जिला अध्यक्ष मोहम्मद बिस्मिल ने कहा कि PAT 2024 और PAT 2025 के हजारों अभ्यर्थियों ने दो साल पहले आवेदन किया था, लेकिन समय पर परीक्षा नहीं होने के कारण राजभवन के फैसले के बाद पूरी प्रक्रिया रद्द हो गई। इससे छात्रों के दो साल बर्बाद हो गए। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय राजभवन से अनुमति लेकर इन छात्रों के लिए जल्द कोई समाधान निकाले।
बायसी अनुमंडलीय डिग्री कॉलेज के छात्रावास की मांग
दूसरी मांग बायसी अनुमंडलीय डिग्री कॉलेज के छात्रावास को लेकर की गई। संगठन का कहना है कि छात्र और छात्राओं के लिए हॉस्टल दो साल पहले बनकर तैयार हो चुका है, लेकिन अब तक शुरू नहीं किया गया। इससे दूर-दराज़ से आने वाले छात्रों को परेशानी हो रही है। उन्होंने सत्र 2026-30 से हॉस्टल चालू करने के लिए 15 दिनों के भीतर अधिसूचना जारी करने की मांग की।
तीसरी मांग पीजी सत्र 2026-28 के नामांकन से जुड़ी है।
संगठन ने जल्द एडमिशन प्रक्रिया शुरू करने और समर्थ पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन शुल्क 600 रुपये से कम करने की मांग की, ताकि गरीब छात्रों पर आर्थिक बोझ कम हो। मोहम्मद बिस्मिल ने कहा कि विश्वविद्यालय की लापरवाही का नुकसान छात्रों को नहीं उठाना चाहिए। PAT अभ्यर्थियों के दो साल बर्बाद हो चुके हैं और तैयार छात्रावास भी बंद पड़ा है। अगर तय समय में मांगें नहीं मानी गईं, तो SSAI चरणबद्ध लोकतांत्रिक आंदोलन शुरू करेगी, जिसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

