
Rourkela News: राउरकेला इस्पात संयंत्र (आरएसपी) ने अपनी ग्रीनफील्ड विस्तारण परियोजना को सुगम बनाने के लिए संयंत्र के क्षेत्र से स्थानांतरण किये जाने वाले झुग्गीवासियों को मुआवजा राशि का चेक प्रदान करना शुरू कर दिया है. शनिवार को काटे बस्ती के लाभार्थियों को पुनर्वास एवं मुआवजा प्रक्रिया के तहत छह चेक प्रदान किये गये. यह प्रक्रिया सरकारी दिशानिर्देशों के अनुरूप संचालित की जा रही है. चेक वितरण कार्यक्रम आरएसपी अधिकारियों, राजस्व विभाग, पुलिस प्रशासन तथा लाभार्थियों की उपस्थिति में संपन्न हुआ. यह पहल परियोजना क्षेत्र में प्रभावित परिवारों को उचित पुनर्वास सहायता एवं वित्तीय सहयोग सुनिश्चित करने के लिए आरएसपी द्वारा किये गए वादे का एक हिस्सा है.
प्रत्येक परिवार को दी जायेगी 5.16 लाख की वित्तीय सहायता
स्वीकृत मुआवजा ढांचे के अंतर्गत इस परियोजना के कारण स्थानांतरित होने वाले प्रत्येक परिवार को कुल 5,16,620 रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान की जायेगी. एक झुग्गी में निवासरत परिवारों की संख्या का निर्धारण निर्धारित सरकारी मानकों एवं सत्यापन प्रक्रिया के अनुसार किया गया है. यदि किसी एक झुग्गी में तीन परिवार रह रहे हैं, तो कुल देय मुआवजा राशि 15,49,860 रुपये होगी. प्रत्येक झुग्गी के बदले 650 वर्ग फुट विकसित एवं प्लॉटेड भूमि प्रदान की जायेगी. उक्त भूमि पर सभी मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करायी जायेंगी. इसके अतिरिक्त, प्रत्येक प्रभावित झुग्गी से एक सदस्य को नये संयंत्र में स्थापना चरण तथा बाद के संचालन में आउटसोर्सिंग कार्यों के लिए विशेष रूप से विचार किया जायेगा. आरएसपी ऐसे लोगों के निरंतर नियोजन को सुगम बनायेगा. प्रत्येक श्रमिक को न्यूनतम सकल मासिक वेतन 20,657 (बोनस एवं अवकाश वेतन सहित) प्रदान किया जायेगा, जो समय-समय पर संशोधन के अधीन होगा. आश्रित परिवार के सदस्यों को इएसआइ चिकित्सा सुविधा के अंतर्गत शामिल किया जायेगा. इसके अलावा, इन परिवारों को वर्तमान झुग्गियों से स्थानांतरण के तुरंत बाद अधिकतम छह महीने की अवधि के लिए कुछ शर्तों के साथ रहने की अस्थायी जगह दी जा रही है, ताकि वे अपनी मौजूदा झुग्गियों से हटने के तुरंत बाद वहां रह सकें.बंडामुंडा : कड़ी सुरक्षा के बीच आरएसपी के बाउंड्री वाल का निर्माण कार्य जारी
बंडामुंडा स्थित शीतल नगर के पास मुख्य सड़क की दूसरी ओर राउरकेला स्टील प्लांट (आरएसपी) द्वारा प्रस्तावित बाउंड्री वाल निर्माण कार्य को लेकर प्रशासन पूरी तरह सक्रिय नजर आ रहा है. शुक्रवार को डिमार्केशन का कार्य पूरा किये जाने के बाद बाउंड्री वाल निर्माण कार्य किया जा रहा है. निर्माण कार्य को लेकर पूरे इलाके में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किये गये हैं. डीजल कॉलोनी चौक से लेकर शीतल नगर तक निर्माण स्थल के आसपास करीब चार प्लाटून पुलिस बल तैनात किये गये हैं. इसके साथ ही प्रशासन की ओर से कानून-व्यवस्था बनाये रखने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए कड़ी निगरानी रखी जा रही है. मौके पर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी भी लगातार स्थिति पर नजर बनाये हुए हैं.The post Rourkela News: आरएसपी ने अपनी ग्रीनफील्ड विस्तार परियोजना के प्रभावितों में पहले दिन बांटे छह चेक appeared first on Prabhat Khabar.


