सहरसा में बुधवार को जिला स्तरीय युवा उत्सव 2026 का आगाज हुआ। कला एवं संस्कृति विभाग और जिला प्रशासन की ओर से प्रेक्षागृह में आयोजित दो दिवसीय उत्सव में 250 से अधिक युवक-युवतियां अपनी कला और प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं।
.
प्रतियोगिता में समूह लोक गायन, समूह लोक नृत्य, चित्रकला, कविता लेखन और नुक्कड़ नाटक सहित पांच विधाओं को शामिल किया गया है।
कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपेश कुमार, उप विकास आयुक्त गौरव कुमार, अपर समाहर्ता निशांत कुमार और सदर एसडीएम श्रेयांश तिवारी ने दीप प्रज्वलित कर किया।
अधिकारियों ने कहा कि युवा उत्सव स्थानीय प्रतिभाओं को पहचान दिलाने और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर देने का महत्वपूर्ण मंच है।
देखें, मौके से आई तस्वीरें…



बेहतर प्रदर्शन करने वालों को राज्य स्तर पर मौका
जिलाधिकारी दीपेश कुमार ने कहा कि युवाओं की कला, रचनात्मकता और सृजनशीलता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजन किया गया है।
इससे युवाओं को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच पर प्रदर्शन करने का अवसर मिलता है। अपर समाहर्ता निशांत कुमार ने बताया कि पांच विधाओं में प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं।
बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तर पर अपनी कला दिखाने का मौका मिलेगा। प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में राज्य और राष्ट्रीय स्तर के कलाकार शामिल हैं।
ऑनलाइन आवेदन से 250 से अधिक प्रतिभागी जुड़े
जिला कला एवं संस्कृति पदाधिकारी स्नेहा कुमारी ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से 250 से अधिक युवक-युवतियों ने प्रतियोगिताओं में भाग लेने के लिए आवेदन किया है।
युवा उत्सव के माध्यम से प्रतिभागियों को जिला स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर तक अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिल सकता है।

नुक्कड़ नाटक से दिया नशामुक्ति का संदेश
उत्सव के दौरान नुक्कड़ नाटक के जरिए कलाकारों ने नशे के दुष्प्रभावों को दर्शाया। प्रस्तुति में बताया गया कि नशे की लत युवाओं के भविष्य और उनके जीवन पर प्रतिकूल असर डालती है। कलाकारों ने लोगों से नशे से दूर रहने और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने की अपील की।
