शेखपुरा में डीडीसी राकेश कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को समेकित बाल विकास सेवाएं (ICDS) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
.
इस बैठक में ICDS के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
डीडीसी ने आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया कि यथासंभव इन केंद्रों का संचालन सरकारी भवनों में सुनिश्चित किया जाए।

विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली
सरकारी भवन उपलब्ध न होने की स्थिति में, विभागीय मानकों का पूर्ण अनुपालन सुनिश्चित करते हुए किराए के उपयुक्त भवन में केंद्रों का संचालन कराया जाए, ताकि बच्चों एवं लाभार्थियों को सुरक्षित एवं बेहतर वातावरण मिल सके।
उन्होंने ICDS की विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
डीडीसी ने कहा कि योजनाओं का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब पात्र लाभार्थियों को समय पर योजनाओं का लाभ मिले और क्षेत्र स्तर पर उनके क्रियान्वयन की प्रभावी निगरानी हो।
बैठक के दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों के संचालन, विभागीय योजनाओं की प्रगति तथा लाभार्थियों तक सेवाओं की पहुंच सहित विभिन्न बिंदुओं पर संबंधित पदाधिकारियों से जानकारी ली गई।
मौके पर मौजूद रहे कई अधिकारी
डीडीसी ने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए योजनाओं के क्रियान्वयन में गुणवत्ता एवं पारदर्शिता बनाए रखने का निर्देश दिया।
इस बैठक में जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा कोषांग, सभी बाल विकास परियोजना पदाधिकारी, जिला समन्वयक NNM, जिला मिशन समन्वयक, जेंडर विशेषज्ञ, महिला पर्यवेक्षिका सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।
