![]()
अररिया में 52वीं वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर एक स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया। सदर अस्पताल, अररिया के सहयोग से वाहिनी मुख्यालय परिसर में आयोजित इस शिविर में 34 अधिकारियों और जवानों ने उत्साहपूर्वक रक्तदान किया। यह आयोजन जनकल्याण–जनभागीदारी कार्यक्रम का हिस्सा था। अररिया जिला थैलेसीमिया से प्रभावित क्षेत्रों में से एक है, जहाँ बड़ी संख्या में मरीजों, विशेषकर बच्चों को नियमित रक्त की आवश्यकता होती है। इस शिविर का उद्देश्य जिला रक्त भंडार को मजबूत करना और जरूरतमंद मरीजों की जान बचाना था। रक्तदान शिविर के दौरान 52वीं वाहिनी की ओर से कार्यवाहक कमांडेंट आलोक कुमार, उप कमांडेंट उदय कुमार, उप कमांडेंट विनोद मीणा, सहायक कमांडेंट (चिकित्सा) डॉ. सविता और सहायक उप निरीक्षक (चिकित्सा) डब्ल्यू. रंजीत मौजूद रहे। सदर अस्पताल, अररिया से डॉ. राजेंद्र कुमार, बादल कुमार साह, सुश्री बिन्दु कुमारी, सुश्री सानु प्रिया सहित अन्य चिकित्सा कर्मियों ने रक्त संग्रहण और स्वास्थ्य संबंधी प्रक्रियाओं का सफलतापूर्वक संचालन किया। एसएसबी ने इस पहल के माध्यम से समाज में स्वैच्छिक रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाने और अधिक से अधिक लोगों को इस मानवीय अभियान से जोड़ने का संदेश दिया। बल ने बताया कि वह समय-समय पर स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, जन-जागरूकता और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन कर सामाजिक सरोकारों के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाता रहा है। 52वीं वाहिनी ने भविष्य में भी समाज और राष्ट्रहित से जुड़े जनकल्याणकारी कार्यक्रमों के निरंतर आयोजन का संकल्प दोहराया। उन्होंने आमजन से अपील की कि वे स्वैच्छिक रक्तदान जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लें, ताकि जरूरतमंद मरीजों को समय पर रक्त उपलब्ध हो सके और अधिक से अधिक लोगों की जान बचाई जा सके।

