रांची20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक
रांची| रांची में नशे के कारोबार, ड्रग तस्करी और अफीम की अवैध खेती के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त अभियान की रूपरेखा तय की है। जिला नारकोटिक्स कंट्रोल कोऑर्डिनेशन कमिटी की बैठक में उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने निर्देश दिया कि सभी थाना क्षेत्रों में ड्रग हॉटस्पॉट की पहचान कर निगरानी बढ़ाई जाए और एनडीपीएस के लंबित मामलों की जांच व अभियोजन के लिए समयबद्ध योजना बने। तस्करों की संपत्ति जब्ती की प्रक्रिया तेज कर पूरे नेटवर्क को तोड़ने पर भी जोर दिया गया। अफीम की खेती रोकने के लिए पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों और जेएसएलपीएस के सहयोग से अभियान चलाने तथा पुराने रिकॉर्ड खंगाल कर संदिग्धों पर सतत नजर रखने को कहा गया। गैर कानूनी नशा मुक्ति केंद्रों, मेडिकल दुकानों और फार्मेसी में प्रतिबंधित दवाओं की बिक्री पर विशेष जांच होगी। भजंत्री ने कहा, “युवाओं को नशे के दलदल से बाहर निकालना प्राथमिकता है।” प्रशासन ने ड्रग्स, गांजा या अफीम से जुड़ी सूचना टोल फ्री नंबर 1933 पर गुमनाम देने की अपील की।



