![]()
सामान्य से कम बारिश होने का अनुमान जुलाई में लगातार सक्रिय मानसूनी सिस्टम की वजह से रांची में अच्छी बारिश हुई है। 31 जुलाई तक रांची में सामान्य बारिश 517.7 एमएम होनी चाहिए थी, पर बारिश 441.2 एमएम हुई। यानी सामान्य से मात्र 17% कम है। बारिश होने की वजह से कई क्षेत्रों में धान रोपनी में तेजी आई थी। लेकिन, अगस्त में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। बंगाल की खाड़ी में जब-जब निम्न दबाव या अन्य मानसूनी सिस्टम बनेगा, तभी अच्छी वर्षा होगी। जुलाई की तरह लंबे समय तक लगातार बारिश की स्थिति बनने की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है। यदि अगस्त के दूसरे या तीसरे सप्ताह में बंगाल की खाड़ी में मजबूत लो-प्रेशर सिस्टम बनता है तो कुछ दिनों तक अच्छी बारिश हो सकती है। अन्यथा अधिकांश दिनों में बादल और हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होने की संभावना है। तापमान सामान्य के आसपास रहेगा।
पिछले पांच वर्षों का रिकॉर्ड बताता है कि अगस्त माह में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। पिछले 5 वर्षों में कब-कब कितनी बारिश हुई व तापमान कैसा रहा
अगस्त में सामान्य बारिश 293.7 एमएम होती है। पिछले 5 वर्षों में सामान्य से अधिक बारिश हुई है। वहीं, पिछले 5 वर्षों में अगस्त में औसत अधिकतम तापमान 30 डिग्री व न्यूनतम 23 डिग्री रहा। 2022 में सबसे अधिक और 2023 में सबसे कम बारिश हुई थी
मौसम विभाग के पिछले पांच वर्षों के आंकड़े के अनुसार वर्ष 2022 में सबसे अधिक 561.2 एमएम बारिश हुई थी। वहीं, वर्ष 2023 में सबसे कम 295.7 एमएम बारिश हुई थी, जो सामान्य के आसपास ही थी। इससे साफ है कि अगस्त में बारिश पूरी तरह बंगाल की खाड़ी में बनने वाले सिस्टम पर निर्भर रहती है। इस बार अगस्त में मानसून कमजोर पड़ने की संभावना है। अगस्त में बढ़ सकता है तापमान
पिछले पांच वर्षों में अगस्त का अधिकतम तापमान 32.8 से 33.7 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा है। सबसे अधिक तापमान 2021 में 33.7 डिग्री और सबसे कम 2024 में 33.4 डिग्री दर्ज किया गया। लेकिन इस बार मानसून कमजोर रहा तो तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है। आगे : 7 दिनों तक होगी बारिश
रांची में अगले सात दिनों तक बारिश की संभावना जताई गई है। इस दौरान 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी हो सकती है। इसके बाद अगले तीन दिनों के दौरान 3 डिग्री की गिरावट हो सकती है।

