
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हुए हमले के बाद कोलकाता से दिल्ली तक तृणमूल कांग्रेस के नेता गुस्से में हैं. पार्टी सुप्रीमो ममता बनर्जी ने दिल्ली में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेताओं का घेराव करने और उनके घर पर धरना देने की चेतावनी दी है.
29 मिनट तक फेसबुक पर LIVE रहीं ममता
ममता बनर्जी ने बृहस्पतिवार को फेसबुक पर करीब 29 मिनट तक लोगों को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने बंगाल की भाजपा सरकार और कोलकाता पुलिस पर जमकर हमला बोला. टीएमसी कालीघाट की सर्वोच्च नेता ने कहा- भाजपा के गुंडों ने कोलकाता पुलिस को विश्वास में लेकर हमारे दस्तावेज और उपकरण लूट लिये. हमारे कार्यालय में तोड़फोड़ की. हमारे 4 लोगों को ऑफिस में बंधक बना लिया. उनको टॉर्चर किया.
दिल्ली में भाजपा नेताओं के घर देंगे धरना : ममता
ममता बनर्जी ने कहा- कोलकाता में हमारे पार्टी कार्यालय में की गयी तोड़फोड़ की हम निंदा करते हैं. उन्होंने कहा कि यदि कोलकाता में कानून-व्यवस्था का यह हाल है, तो सोचिए, ग्रामीण इलाकों में क्या स्थिति होगी. उन्होंने आगे कहा कि अगर तृणमूल कांग्रेस पर हमले नहीं रुके, तो हम नयी दिल्ली में भाजपा नेताओं के आवास के बाहर धरना देंगे. उनका घेराव करेंगे.
ये भी पढ़ें: अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हमला, हथियारबंद लोगों ने कर्मचारियों को पीटा
बंगाल पुलिस के कारनामों को कर रहे हैं नोट : ममता
ममता बनर्जी ने शेक्सपीयर थाना की पुलिस और बंगाल पुलिस को भी चेतावनी दी. उन्होंने कहा कि शेक्सपीयर थाना के साथ-साथ बंगाल के कई और पुलिस थाने हैं, जिनकी गतिविधियों को वह अपनी डायरी में नोट कर रहीं हैं.
दिल्ली में महुआ मोइत्रा ने की प्रेस कॉन्फ्रेंस
देश की राजधानी दिल्ली में तृणमूल कांग्रेस के 2 सांसदों महुआ मोइत्रा और सौगत रॉय ने संयुक्त रूप से प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पश्चिम बंगाल की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाये. उन्होंने आरोप लगाया कि ये हमले भाजपा ने करवाये हैं. महुआ ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कहा कि शेक्सपीयर थाने की पुलिस को सूचना दी गयी, लेकिन 2 घंटे तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की.
ये भी पढ़ें: होर्डिंग विवाद मामले में अभिषेक बनर्जी से 6 घंटे तक चली पूछताछ, सांसद ने कहा- ये ‘राजनीति बदले की कार्रवाई’
आधा-एक घंटा के भीतर ऑफिस को तहस-नहस कर दिया
महुआ ने कहा कि कुछ गुंडों ने छठे और सातवें तल्ले पर तोड़फोड़ और लूटपाट की. सभी गुंडे पहले छठे तल्ले पर पहुंचे. कांच के गेट तोड़कर अंदर दाखिल हुए. आधे-एक घंटे के भीतर पूरे ऑफिस को तहस-नहस कर दिया. इससे पहले हमारे ऑफिस के 3-4 गार्ड को उन्होंने अपने कब्जे में ले लिया. उनके मोबाइल फोन छीन लिये. उन्हें माथा भेंगे देबो यानी तुम्हारा सिर फोड़ देंगे की धमकी दी गयी.
सब कुछ तोड़ दिया : महुआ
महुआ मोइत्रा ने पत्रकारों को बताया कि हमारे ऑफिस में रखी तमाम चीजों को तोड़ दिया गया. बदमाशों ने कम्प्यूटर से लेकर फैक्स मशीन और प्रिंटर तक को तोड़ दिया. इसके बाद उन्होंने लूटपाट शुरू की. वे टीवी स्क्रीन, एयर प्यूरीफायर, लैपटॉप समेत कई दस्तावेज भी लूटकर ले गये.
6 लोग हिरासत में लिये गये
महुआ ने कहा कि सुबह 4:30 बजे से पुलिस को फोन किया गया, लेकिन दो घंटे तक उन्होंने कुछ नहीं किया. इसके बाद हमारे वकील थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज करवायी. इसके बाद पुलिस अचानक बहुत ज्यादा सक्रिय हो गयी. पुलिस ने हमारे लोगों को भी सातवें तल्ले पर जाने से रोक दिया. पुलिस ने कहा है कि उन्होंने 6 लोगों को हिरासत में लिया है. महुआ ने कहा कि ये वही 6 लोग हैं या नहीं, इसकी जानकारी उन्हें नहीं है.
The post अभिषेक बनर्जी के कार्यालय पर हमला, कोलकाता से दिल्ली तक गुस्से में टीएमसी, ममता बनर्जी ने दी भाजपा नेताओं के घेराव की चेतावनी appeared first on Prabhat Khabar.
