Tuesday, October 27, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

अर्नब की चेतावनी के बीच मंदारमणि में बड़ा हादसा, समुद्र में 3 पर्यटक डूबे, 1 की मौत, कोलकाता में बारिश

पूर्व मेदिनीपुर के मंदारमणि से रंजन माइती की रिपोर्ट

चक्रवात 'अर्नब' (Cyclone Arnab) की आहट और तटवर्ती इलाकों में जारी अलर्ट के बीच पश्चिम बंगाल के पूर्व मेदिनीपुर जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल मंदारमणि (ताजपुर) में एक हादसा हो गया. समुद्र में नहाते समय 3 पर्यटक तेज लहरों की चपेट में आ गये. तट पर मौजूद नुलियाओं (समुद्र तटीय बचावकर्मियों) ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों को बाहर निकाला, लेकिन अस्पताल ले जाने पर एक 18 वर्षीय युवक की मौत हो गयी. घटना के बाद प्रशासन ने चक्रवात के बीच समुद्र तटों पर सुरक्षा घेरा और कड़ा कर दिया है.

नुलियाओं की चेतावनी की अनदेखी पड़ी भारी

पूर्व मेदिनीपुर जिले के रामनगर थाना क्षेत्र से कुछ लोग ताजपुर के मल्लिका बीच के पास पिकनिक मनाने पहुंचे थे. पिकनिक के दौरान 3 युवक समुद्र में नहाने उतर गये. चक्रवात के कारण समुद्र में उठ रही ऊंची लहरों को देखते हुए ड्यूटी पर तैनात नुलियाओं ने सतर्कता दिखाते हुए उन्हें सुरक्षित बाहर निकाला. तीनों को समुद्र से दूर रहने की हिदायत दी.

दोबारा समुद्र में उतरे युवक और हो गया हादसा

नुलियाओं के इधर-उधर होते ही तीनों युवक कुछ ही देर बाद फिर से समुद्र में नहाने के लिए उतर गये. इस बार समुद्र के तेज बहाव में तीनों गहरे पानी में समाने लगे. चीख-पुकार सुनकर नुलियाओं ने स्थानीय लोगों की मदद से दोबारा पानी में छलांग लगायी और तीनों को बाहर निकालकर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab LIVE: आंध्र-ओडिशा में 4,000 राहत कैंप तैयार, विजयवाड़ा में विमान सेवाएं ठप; रांची और पश्चिमी सिंहभूम में 2 दिन स्कूल बंद

मृतक और घायलों की पहचान

  • मृतक : शुभोजीत उर्फ गोबिंद पांडा (18), पिता- रतन पांडा, निवासी- ग्राम थेआर, पोस्ट- बालिसाई, थाना- रामनगर, पूर्व मेदिनीपुर. शुभोजीत को अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया.
  • गंभीर रूप से घायल : सबुज बरन साव (22), पिता- बिधुभूषण साव. हालत नाजुक होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद सबुज बरन साव को कांथी (Kanthi) रेफर कर दिया गया.
  • स्थिर स्थिति : विकास चंद्र जाना (35), पिता- स्वर्गीय कमलकांत जाना. इनकी स्थिति फिलहाल स्थिर बनी हुई है.

लोगों से समुद्र में न उतरने की अपील

चक्रवात ‘अर्नब’ के मद्देनजर राज्य आपदा प्रबंधन विभाग और स्थानीय पुलिस ने पर्यटकों से समुद्र तटों के पास न जाने और लाल झंडे लगे इलाकों में पानी में न उतरने की अपील की है.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab: 28 अक्टूबर को समुद्री तटों से टकराएगा; 4 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, NDRF की 39 टीमें तैयार

अर्नब चक्रवात का असर : पूर्व मेदिनीपुर में तेज हवाओं के साथ बारिश

चक्रवात अर्नब का प्रभाव पूर्व मेदिनीपुर जिले में दोपहर 2 बजे के बाद से ही दिखने लगा. जिले के अलग-अलग इलाकों में घने बादलों ने आसमान में डेरा डाल दिया. तेज हवाएं चलने लगीं. बिजली कड़कने लगी. दीघा के आसपास हल्दिया, महिषादल, नंदकुमार समेत कई इलाकों में बारिश भी शुरू हो गयी.

बंगाल के इन जिलों में हुई वर्षा

मंगलवार को दक्षिण 24 परगना, पूर्व मेदिनीपुर, झारग्राम, पश्चिम मेदिनीपुर, हावड़ा और कोलकाता के कुछ इलाकों में भी बारिश हुई.

आंध्रप्रदेश की ओर बढ़ रहा अत्यंत भीषण चक्रवात अर्नब

अत्यंत भीषण चक्रवात ‘अर्नब’ के आंध्रप्रदेश तट की ओर तेजी से बढ़ने के बीच मंगलवार दोपहर को पश्चिम बंगाल के तटीय इलाकों में मध्यम दर्जे की बारिश हुई. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने कहा है कि चक्रवात के 28 अक्टूबर को आंध्रप्रदेश और पुडुचेरी के यानम तटों को पार करने की संभावना है. इसके प्रभाव से दक्षिण बंगाल के सभी जिलों में 29 अक्टूबर तक मध्यम दर्जे की वर्षा हो सकती है.

ये भी पढ़ें: Cyclone Arnab: ओडिशा के 6 जिलों में ऑरेंज अलर्ट, 48 हजार लोगों को सुरक्षित स्थानों पर भेजने की तैयारी शुरू

मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह, 30 अक्टूबर तक भारी वर्षा की संभावना

मौसम विभाग ने मछुआरों को 29 अक्टूबर तक समुद्र में नहीं जाने की सलाह दी है. विभाग ने कहा कि इस दौरान क्षेत्र में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और बीच-बीच में हवा की गति 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की बहुत संभावना है. मौसम विभाग ने कहा कि पश्चिम बंगाल के कुछ जिलों में 30 अक्टूबर तक भारी बारिश होने की भी संभावना है.

कोलकाता में 2 दिन तक जारी रहेगी बारिश

आईएमडी के अनुसार, कोलकाता में अगले 2 दिनों तक हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश हो सकती है. उप-हिमालयी क्षेत्र के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरदुआर और जलपाईगुड़ी जिलों में 29 और 30 अक्टूबर को भारी बारिश होने की संभावना है.

The post अर्नब की चेतावनी के बीच मंदारमणि में बड़ा हादसा, समुद्र में 3 पर्यटक डूबे, 1 की मौत, कोलकाता में बारिश appeared first on Prabhat Khabar.

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles