![]()
पूर्णिया में बिहार सरकार की भवन निर्माण मंत्री लेसी सिंह के आठवीं बार मंत्री पद की शपथ लेने पर उनके आवास पर सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। ये कार्यक्रम विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ की ओर से आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए। पूरे कार्यक्रम के दौरान उत्साह का माहौल देखने को मिला। समारोह का नेतृत्व संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने किया। इस मौके पर मंत्री लेसी सिंह को भगवा वस्त्र पहनाकर सम्मानित किया गया और राधा-कृष्ण की तस्वीर भेंट की गई। साथ ही संगठन की ओर से उन्हें सम्मान पत्र भी दिया गया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं और पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान लगातार जय श्री राम के नारे लगते रहे, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। मंत्री बनना जनता के विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी ने अपने संबोधन में कहा कि लेसी सिंह का लगातार आठवीं बार मंत्री बनना सिर्फ राजनीतिक उपलब्धि नहीं, बल्कि जनता के विश्वास और आशीर्वाद का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि लेसी सिंह ने सीमांचल और बिहार की जनता के बीच लगातार काम किया है और जनसेवा के प्रति उनका समर्पण प्रेरणादायक है। उन्होंने यह भी कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ समाज, धर्म और राष्ट्रहित के मुद्दों पर हमेशा मजबूती से काम करता रहेगा। मंत्री लेसी सिंह ने सम्मान के लिए संगठन और उसके कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि विश्व हिंदू युवा वाहिनी संघ लगातार धार्मिक और सामाजिक काम में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष आशीष गोस्वामी की सराहना करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में संगठन तेजी से मजबूत हो रहा है और समाज के बीच अच्छा संदेश दे रहा है। सीमांचल अध्यक्ष दिलीप कुमार दीपक ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम संगठन को मजबूती देने के साथ-साथ कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करते हैं। वहीं नगर अध्यक्ष अमरिंदर भगत ने कहा कि संगठन लगातार युवाओं को सामाजिक और धार्मिक कार्यों से जोड़ने का प्रयास कर रहा है।


