![]()
शेखपुरा में गुरुवार देर शाम एक बेकाबू बाइक ने इवनिंग वॉक पर निकली दो वृद्ध महिलाओं को कुचल दिया। यह घटना शेखपुरा-बेलोनी मुख्य सड़क मार्ग पर मध्य विद्यालय गगौर के पास हुई। दोनों घायल महिलाओं की हालत गंभीर बताई जा रही है। कोरमा थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार ने बताया कि घटना के तुरंत बाद डायल 112 की पुलिस टीम एएसआई सुंदर मेहरा के नेतृत्व में मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिलाओं को तत्काल पुलिस वाहन से सदर अस्पताल शेखपुरा भेजा। दुर्घटना में शामिल बाइक को जब्त कर लिया गया है, हालांकि बाइक चालक मौके से फरार होने में सफल रहा। घायल महिलाओं की पहचान गगौर गांव निवासी अरुण सिंह की 65 वर्षीय पत्नी रीता देवी और उसी गांव के सुरेंद्र सिंह की पत्नी धर्मशिला देवी के रूप में हुई है। थाना अध्यक्ष मुरारी कुमार के अनुसार, दोनों महिलाएं इवनिंग वॉक के दौरान मिडिल स्कूल से करीब 100 मीटर उत्तर दिशा में सड़क किनारे बैठी थीं। तभी तेज गति से आ रही अनियंत्रित बाइक ने उन्हें टक्कर मार दी। उन्होंने बताया कि कोरमा पुलिस उसी समय छापामारी कर लौट रही थी और घटनास्थल पर पहुंचकर कार्रवाई की। पुलिस ने कहा कि लिखित शिकायत मिलने पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

