![]()
उत्तरकाशी की निर्माणाधीन सिल्क्यारा टनल में गुरुवार तड़के बड़ा हादसा हो गया। टनल के अंदर शॉटक्रीट लाइनिंग का एक हिस्सा गिरने से झारखंड निवासी 21 वर्षीय श्रमिक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा रात करीब 2 बजे बड़कोट साइड से लगभग 900 मीटर अंदर हुआ। सूचना मिलते ही प्रशासन, संबंधित एजेंसियों और निर्माण कंपनी के अधिकारी मौके पर पहुंचे। राहत और जांच की कार्रवाई शुरू करते हुए घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। जिला आपातकालीन परिचालन केंद्र (DEOC) के अनुसार, फिलहाल यह प्रारंभिक जानकारी है। हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए नेशनल हाईवे एंड इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (NHIDCL) ने विस्तृत जांच शुरू कर दी है। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही दुर्घटना के कारणों की आधिकारिक पुष्टि होगी। सिल्क्यारा टनल पहले भी राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रही है। अब इस ताजा हादसे ने एक बार फिर टनल निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों और श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि जांच पूरी होने से पहले दुर्घटना के कारणों को लेकर किसी निष्कर्ष पर पहुंचना उचित नहीं होगा। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
