Saturday, May 9, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

औरंगाबाद में शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ:तीन किलोमीटर लंबी शोभायात्रा, 501 महिला श्रद्धालुओं ने उठाया कलश


औरंगाबाद जिले में कुटंबा के सूही टोले रोहीदास खाप गांव में शोभायात्रा और कलश यात्रा के साथ शिव परिवार प्राण-प्रतिष्ठा महायज्ञ का शुभारंभ हुआ। नवनिर्मित मंदिर में भगवान शिव-पार्वती, कार्तिकेय, गणेश जी और बजरंग बली की प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर आयोजित इस धार्मिक अनुष्ठान में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। पूरे गांव में भक्तिमय माहौल बना हुआ है। हर-हर महादेव के जयकारों से पूरा क्षेत्र गुंजायमान हो उठा। सुबह से ही मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। विधिवत पूजा-अर्चना एवं वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ आचार्य राधेकृष्ण पांडेय, भरत मिश्र, कंचन पांडेय, सौरभ शास्त्री, सत्यम शास्त्री, सचिन शास्त्री एवं सूरज शास्त्री ने कलश यात्रा का शुभारंभ कराया। इस दौरान 501 महिला श्रद्धालुओं ने कलश उठाकर धार्मिक यात्रा में भाग लिया। श्रद्धालु पारंपरिक लाल एवं पीले वस्त्र धारण किए हुए थे, जिससे शोभायात्रा का दृश्य अत्यंत आकर्षक बन गया। पूरे इलाके में भक्तिमय माहौल करीब तीन किलोमीटर लंबी शोभायात्रा मंदिर परिसर से निकलकर रोहिदास खाप, ओरडीह एवं शिवपुर होते हुए पाढ़ी गांव पहुंची। श्रद्धालुओं ने पैदल यात्रा की। पाढ़ी गांव स्थित तालाब में गंगा पूजन एवं वैदिक विधि-विधान के साथ जल भरने की प्रक्रिया पूरी की गई। सबसे पहले मुख्य यजमान ने कलश में जल उठाया, इसके बाद अन्य श्रद्धालुओं ने जल भरकर पैदल यात्रा करते हुए यज्ञ स्थल पर पहुंचकर कलश स्थापित किया। गाजे-बाजे, ढोल-नगाड़ों एवं धार्मिक नारों के बीच निकली इस कलश यात्रा ने पूरे इलाके को भक्तिमय बना दिया। ग्रामीणों के सहयोग से बने नवनिर्मित मंदिर परिसर एवं यज्ञशाला को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। आयोजन को सफल बनाने में ग्रामीणों एवं समिति सदस्यों की सक्रिय भूमिका देखी जा रही है। गांव में उत्सव जैसा माहौल बना हुआ है तथा श्रद्धालुओं में खासा उत्साह है। नवनिर्मित मंदिर में शिव परिवार का प्राण प्रतिष्ठा आयोजन समिति के अध्यक्ष सुखदेव यादव ने बताया कि आचार्य भरत मिश्र एवं आचार्य राधेकृष्ण पांडेय के सानिध्य में संपूर्ण यज्ञीय अनुष्ठान संपन्न कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि आगामी दिनों में मंडप प्रवेश, पंचांग पूजन, मंडप पूजन एवं विविध वैदिक अनुष्ठान आयोजित होंगे। 12 मई को देवी-देवताओं की प्रतिमाओं का नगर भ्रमण कराया जाएगा, ताकि श्रद्धालु दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकें। बुधवार को प्राण-प्रतिष्ठा, पूर्णाहुति, हवन-पूजन एवं महाप्रसाद वितरण के साथ अनुष्ठान का समापन होगा। प्रतिदिन संध्या में प्रवचन का होगा आयोजन प्रतिदिन संध्या में अयोध्या धाम के विद्वान कथावाचक नीरज शास्त्री सहित अन्य विद्वानों द्वारा प्रवचन भी किया जाएगा, जिसमें श्रद्धालुओं को सनातन धर्म, संस्कृति एवं भक्ति से जुड़े प्रेरणादायक प्रसंग सुनाए जाएंगे। आयोजन समिति की ओर से अधिक से अधिक लोगों से धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने की अपील की जा रही है। इस अवसर पर सुखदेव यादव, रामचंद्र यादव, ब्रह्मदेव यादव, ललन यादव, उमेश यादव, मुखिया मंजीत कुमार यादव, अजीत कुमार, विनय सिंह, कौशल कुमार एवं ललन सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles