कटिहार नगर निगम के कार्यालय कक्ष में मंगलवार को महापौर उषा देवी अग्रवाल की अध्यक्षता में सशक्त स्थायी समिति की महत्वपूर्ण बैठक हुई। इस बैठक में शहर की व्यवस्थाओं को मजबूत करने, नगर निगम कर्मियों की समस्याओं को सुलझाने और नागरिकों को बेहतर सुविधाएं देने पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में नगर निगम कर्मचारियों के वेतन से संबंधित लंबित मामलों पर गंभीरता से विचार किया गया। समिति ने कर्मचारियों की समस्याओं के त्वरित समाधान और समय पर वेतन भुगतान सुनिश्चित करने के लिए कदम उठाने पर सहमति दी। महापौर उषा देवी अग्रवाल ने कहा कि नगर निगम परिवार के हितों की रक्षा करना उनकी प्राथमिकता है और कर्मचारियों की हर समस्या का समाधान शीघ्र किया जाएगा। शहर में लगातार बढ़ रही जाम की समस्या को देखते हुए अस्थायी टोटो और ऑटो स्टैंड को व्यवस्थित करने पर विशेष चर्चा हुई। समिति ने शहर के प्रमुख चौक-चौराहों, स्टेशन रोड, एमजी रोड और बाजार क्षेत्रों में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए। नगर निगम और यातायात पुलिस मिलकर अभियान चलाएंगे इन बदलावों के तहत, टोटो और ऑटो के लिए अलग-अलग पिकअप-ड्रॉप पॉइंट चिन्हित किए जाएंगे। मुख्य सड़कों पर बेतरतीब खड़े टोटो-ऑटो पर कार्रवाई की जाएगी और शहर में रूट-वाइज टोटो-ऑटो चलाने की योजना पर काम होगा। इस व्यवस्था को लागू करने के लिए नगर निगम और यातायात पुलिस मिलकर अभियान चलाएंगे। अन्य महत्वपूर्ण फैसलों में, मानसून से पहले सभी नालों की उड़ाही और वार्डों में नियमित कचरा उठाव का निर्देश दिया गया। साथ ही, खराब स्ट्रीट लाइटों को सात दिनों के भीतर बदलने का आदेश भी जारी किया गया। होल्डिंग टैक्स की वसूली में तेजी लाने और ऑनलाइन भुगतान को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इसके अलावा, वार्ड स्तर पर ‘जन सुविधा कैंप’ लगाकर नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निपटारा करने का निर्णय लिया गया। महापौर ने कहा कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों को 15 दिनों के भीतर धरातल पर उतारा जाएगा।
शहर को जाम, जलजमाव और गंदगी से मुक्त बनाना नगर निगम की प्राथमिकता है। बैठक में नगर आयुक्त संतोष कुमार, उपमहापौर मंजूर खान, और समिति के सभी सदस्य मौजूद रहे।

