![]()
स्वच्छता ही सेवा 2026 अभियान के तहत शनिवार को कटिहार के विकास भवन सभागार में जिला जल एवं स्वच्छता समिति और जिला गंगा समिति ने मिलकर एक जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की। इसमें अलग-अलग स्कूलों की छात्राओं ने उत्साह से हिस्सा लिया और अपनी कला से स्वच्छता व पर्यावरण बचाने का मैसेज दिया। प्रतियोगिता में गांधी उच्च विद्यालय, बीएमपी-7 प्लस टू उच्च विद्यालय और जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी की कुल 50 छात्राओं ने भाग लिया। छात्राओं ने स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, कचरा प्रबंधन और ठोस अपशिष्ट नियमावली-2026 जैसे खास विषयों पर सुंदर चित्र बनाए। उन्होंने रंगों और अपनी कला से समाज को स्वच्छ और पर्यावरण के प्रति जागरूक रहने का मैसेज दिया। इस प्रतियोगिता में प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय, कटिहार की दीपशिखा पहले स्थान पर रहीं। प्लस टू उच्च विद्यालय, कटिहार की मेघा स्वराज दूसरे, प्लस टू गांधी उच्च विद्यालय की राधा कुमारी तीसरे, जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी की संजना कुमारी चौथे, बीएमपी-7 प्लस टू उच्च विद्यालय की नयना कुमारी पांचवें और जवाहर नवोदय विद्यालय, कोलासी की मनुप्रिया छठे स्थान पर रहीं। अच्छा प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला पदाधिकारी समेत दूसरे अधिकारियों ने शील्ड देकर सम्मान किया। जिला पदाधिकारी ने छात्राओं के हुनर की तारीफ करते हुए कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। स्वच्छता के प्रति बच्चों में बढ़ रही जागरूकता समाज में अच्छे बदलाव लाने में मदद करेगी। उप विकास आयुक्त ने भी छात्राओं का हौसला बढ़ाया और उनसे अपने आसपास के माहौल को स्वच्छ और साफ-सुथरा रखने की गुजारिश की। इस कार्यक्रम में अलग-अलग विभागों के अधिकारी, डीआरडीए के अधिकारी-कर्मी और प्रखंड समन्वयक समेत दूसरे संबंधित कर्मी शामिल रहे।
कटिहार में जिला स्तरीय चित्रकला प्रतियोगिता:छात्राओं ने चित्रों के जरिए दिया स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण का संदेश
