Tuesday, September 29, 2026
⚡

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

कहानी- पूजा-पाठ से भी पति-पत्नी का दुख कम नहीं हुआ:ये 10 बातें ध्यान रखेंगे, तो जीवन में सुख आएगा और दुख दूर होने लगेगा

[

एक गांव में एक पति-पत्नी रहते थे, दोनों बहुत मेहनती थे, लेकिन उनके जीवन में एक के बाद एक परेशानियां आती रहती थीं। कभी घर की आर्थिक स्थिति खराब हो जाती, कभी किसी अन्य बात को लेकर चिंता बढ़ जाती। धीरे-धीरे दोनों के मन में यह बात बैठ गई कि शायद उनके जीवन में सुख लिखा ही नहीं है। परेशान होकर उन्होंने देवी-देवताओं की पूजा की। कई मंदिरों में जाकर प्रार्थना की और सुख-शांति की कामना की, लेकिन उनकी चिंता कम नहीं हुई। वे हर दिन अपनी पुरानी परेशानियों को याद करते और भविष्य के बारे में सोचकर डरते रहते। एक दिन दोनों अपने क्षेत्र के एक विद्वान संत के पास पहुंचे। उन्होंने संत को अपनी सारी परेशानियां बताईं और कहा, “गुरुजी, हम बहुत कोशिश कर चुके हैं, लेकिन हमारे जीवन का दुख खत्म नहीं हो रहा है। हमें क्या करना चाहिए?” संत ने उनकी बात ध्यान से सुनी। इसके बाद वे अचानक उठे और अपने कमरे के अंदर चले गए। कुछ देर बाद वहां से जोर-जोर से चिल्लाने की आवाज आने लगी। आवाज सुनकर दुखी पति-पत्नी के साथ ही गांव के लोग भी वहां पहुंच गए। सभी ने घबराकर पूछा, “गुरुजी, क्या हुआ?” संत ने कहा, “बचाओ! यह खंभा मुझे छोड़ ही नहीं रहा है। मैं इसे कैसे छोड़ूं?” यह सुनकर लोग हैरान रह गए। उन्हें समझ नहीं आ रहा था कि संत ऐसी बात क्यों कर रहे हैं। आखिरकार एक व्यक्ति ने कहा, “गुरुजी, आपको खंभा ने नहीं पकड़ा है। आपने ही खंभे को पकड़ रखा है। आप हाथ छोड़ देंगे तो खंभा खुद छूट जाएगा।” संत मुस्कुराए और बोले, “यही बात मैं इन पति-पत्नी को समझाना चाहता हूं। जीवन में आने वाली परेशानियों को हम नियंत्रित नहीं कर सकते हैं। परेशानियां तो आती-जाती रहेंगी, लेकिन हमें आगे की बढ़ते रहना चाहिए, पुरानी परेशानियों के बारे में सोच-विचार नहीं करना चाहिए। हम अक्सर पुराने दुख, डर, असफलता और पुरानी बातों को उसी तरह पकड़े रहते हैं, जैसे मैंने खंभे को पकड़ रखा था। इसी वजह से जीवन में दुख बना रहता है।” पति-पत्नी को संत की बात समझ आ गई। उन्होंने तय किया कि वे अपनी पुरानी परेशानियों को बार-बार याद करने के बजाय वर्तमान पर ध्यान देंगे, प्रसन्न रहेंगे और भविष्य के लिए सकारात्मक प्रयास करेंगे। उस दिन से उन्होंने अपनी सोच बदलनी शुरू कर दी। समस्याएं पूरी तरह खत्म नहीं हुईं, लेकिन उनका नजरिया बदल गया। अब वे कठिन स्थिति में भी समाधान खोजने लगे। धीरे-धीरे उनके जीवन में शांति और खुशी बढ़ने लगी। प्रसंग की सीख 1. पुरानी बातों को बार-बार न दोहराएं जो बात बीत चुकी है, उसे बदलना हमारे हाथ में नहीं है, इसलिए पुरानी बातों के बारे में सोच-विचार न करें। दुख देने वाली बातों को लेकर दुखी न रहें। बीता हुआ समय वापस नहीं आता, इसलिए आज को बेहतर बनाने पर ध्यान दें। 2. समस्या नहीं, समाधान के बारे में सोचें मुश्किल समय में केवल यह सोचने से कि “मेरे साथ ही ऐसा क्यों होता है?” समस्या कम नहीं होती। इसके बजाय खुद से पूछें, “अब मैं क्या कर सकता हूं?” यह छोटा बदलाव सोचने का तरीका बदल देता है और जीवन में सकारात्मकता आने लगती है। 3. हर दिन कुछ अच्छा करें जीवन में खुशी के लिए बड़ी चीजों का इंतजार न करें। किसी की मदद करना, परिवार के साथ समय बिताना, पसंद का काम करना या कुछ नया सीखना मन को अच्छा महसूस करा सकता है। ऐसे छोटे-छोटे अच्छे काम भी करते रहें। 4. नकारात्मक लोगों और बातों से दूर रहें लगातार शिकायत करने वाले लोगों के साथ रहने से हमारी सोच भी नकारात्मक होने लगती है। ऐसे लोगों से पूरी तरह रिश्ता तोड़ना जरूरी नहीं है, लेकिन उनकी नकारात्मक बातों को अपने मन पर हावी न होने दें, सकारात्मकता को अपनाएं। 5. दूसरों से अपनी तुलना न करें हर व्यक्ति का जीवन अलग होता है। किसी के पास ज्यादा पैसा है, किसी के पास बेहतर नौकरी है या किसी का जीवन आसान दिखाई देता है। दूसरों से तुलना करने के बजाय अपनी प्रगति पर ध्यान दें, तभी जीवन में शांति आ सकती है। 6. छोटी उपलब्धियों की भी खुशी मनाएं जीवन में हर सफलता बड़ी नहीं होती। समय पर काम पूरा करना, कोई अच्छी आदत बनाना या किसी मुश्किल काम को पूरा करना भी उपलब्धि है। छोटी सफलताएं आत्मविश्वास बढ़ाती हैं, इनकी भी खुशी मनानी चाहिए। 7. अपने मन को आराम दें लगातार चिंता करते रहने से समस्या हल नहीं होती। रोज कुछ समय शांत बैठें, प्रकृति के बीच जाएं, प्रार्थना करें या अपनी पसंद का काम करें। मन को आराम देने से भी जीवन में शांति आती है। 8. गलतियों से सीखें गलती होने पर खुद को बार-बार दोष देने के बजाय यह समझें कि उससे क्या सीखा जा सकता है। गलती को सीख में बदलने वाला व्यक्ति आगे बढ़ता है। गलतियों से सीख लेकर अपने काम में सुधार करेंगे, तो सफलता मिल सकती है। 9. अच्छी आदतों को अपनाएं समय पर सोना, सुबह जल्दी उठना, थोड़ा व्यायाम करना, पौष्टिक भोजन लेना और काम की योजना बनाना ऐसी छोटी-छोटी अच्छी आदतें अपनाएं, ऐसा करने से हमारा जीवन व्यवस्थित हो सकता है। 10. जो आपके नियंत्रण में है, उसी पर ध्यान दें दूसरे लोग क्या सोचते हैं, कल क्या होगा या बीते समय में क्या हुआ- इन सब पर हमारा पूरा नियंत्रण नहीं होता, लेकिन अपनी मेहनत, व्यवहार, सोच और आज के फैसलों पर हमारा नियंत्रण होता है। इसलिए अपनी ऊर्जा वहीं लगाएं, जहां उसका सही इस्तेमाल हो सकता है। इन 10 बातों का ध्यान रखेंगे, तो जीवन में सुख-शांति आ सकती है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles