![]()
सीमा सुरक्षा बल (BSF) के डायमंड जुबली वर्ष के उपलक्ष्य में किशनगंज में ‘डिस्ट्रिक्ट फुटबॉल लीग-2026’ का आगाज हो गया है। 132 बटालियन BSF द्वारा ‘स्पोर्ट्स फॉर पीस एंड डेवलपमेंट प्रोग्राम’ के तहत आयोजित इस जिला स्तरीय टूर्नामेंट का उद्घाटन बुधवार शाम को SHQ BSF कैंपस, खगरा कैंप में हुआ। यह टूर्नामेंट 1 से 10 जुलाई तक चलेगा, जिसमें बिहार के किशनगंज, पूर्णिया, कटिहार और पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले की 24 से अधिक टीमें भाग ले रही हैं। इसका मुख्य उद्देश्य खेल भावना, फिटनेस, अनुशासन को बढ़ावा देना और सीमावर्ती युवाओं को एक सकारात्मक मंच प्रदान करना है। खिलाड़ी वैध पहचान पत्र के साथ भाग ले सकेंगे लीग में दो श्रेणियों में मुकाबले होंगे। जूनियर कैटेगरी (U-19) में 01 जनवरी 2007 या उसके बाद जन्मे खिलाड़ी पात्र होंगे। आयु प्रमाण के लिए जन्म प्रमाण पत्र, स्कूल सर्टिफिकेट या आधार कार्ड आवश्यक है। सीनियर कैटेगरी में स्कूल, कॉलेज, क्लब और स्थानीय समुदायों के खिलाड़ी वैध पहचान पत्र के साथ भाग ले सकेंगे। उद्घाटन मैच बुधवार दोपहर को स्टार क्लब गलगलिया और टाइगर स्पोर्टिंग क्लब, पंजीपाड़ा के बीच खेला गया। 2 जुलाई को तीन सीनियर मैच निर्धारित हैं, जिनमें किशनगंज सिटी FC बनाम मुर्मू ब्रदर FC और इस्लामपुर इलेवन स्टार बनाम मेन्स राइजिंग FC, बहादुरगंज जैसे मुकाबले शामिल हैं। सेमीफाइनल 07 और 08 जुलाई को खेले जाएंगे 03 जुलाई को सारना FC, पूर्णिया का मुकाबला सिंघीमारी FC, दिघलबैंक से होगा। 04 जुलाई को जूनियर वर्ग में नेताजी संघ बसबारी, बिधान नगर और KV खगरा के बीच मैच खेला जाएगा। सीनियर वर्ग के क्वार्टर फाइनल 5 और 6 जुलाई को होंगे, जबकि जूनियर और सीनियर दोनों श्रेणियों के सेमीफाइनल 07 और 08 जुलाई को खेले जाएंगे। जूनियर कैटेगरी का फाइनल 09 जुलाई को और सीनियर कैटेगरी का फाइनल 10 जुलाई को दोपहर 03:30 बजे निर्धारित है। कार्यक्रम में विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया है। इस अवसर पर एसपी संतोष कुमार सहित कई अधिकारी भी उपस्थित रहे। IG मुकेश त्यागी ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन से खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ेगा और BSF के सकारात्मक प्रयासों को उजागर करने में मदद मिलेगी।


