![]()
कोडरमा जिले के सतगांवां थाना क्षेत्र के माधोपुर गांव से इंटेलिजेंस ब्यूरो (IB) और स्थानीय पुलिस ने सोमवार सुबह पांच लोगों को हिरासत में लिया है। इन पर सोशल मीडिया के माध्यम से पाकिस्तानी आतंकवादी अजहर मसूद की ऑडियो क्लिप साझा कर युवाओं को भड़काने का आरोप है। सूत्रों के अनुसार, ये सभी आरोपी माधोपुर गांव के ही निवासी हैं। वे इंस्टाग्राम और अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय थे। आरोप है कि ये लोग पाकिस्तान के आतंकवादी अजहर मसूद की ऑडियो क्लिप्स का इस्तेमाल कर मुस्लिम युवाओं को देश और अन्य धर्मों के खिलाफ भड़का रहे थे। इंटेलिजेंस ब्यूरो को इस गतिविधि की सूचना मिली थी। इसके बाद IB टीम ने कोडरमा एसपी को जानकारी दी। रविवार देर रात IB की एक टीम कोडरमा पहुंची और स्थानीय पुलिस के सहयोग से सोमवार सुबह माधोपुर गांव में छापेमारी कर पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनसे पूछताछ जारी है। पुलिस फिलहाल इस मामले में कोई भी विस्तृत जानकारी देने से बच रही है। जांच पूरी होने के बाद और खुलासे होने की संभावना है। यह भी उल्लेखनीय है कि पहले भी कोडरमा की रहने वाली शमा प्रवीण को गुजरात एटीएस (ATS) ने बेंगलुरु से गिरफ्तार किया था। उस पर अलकायदा (AQIS) के अंतरराज्यीय आतंकी मॉड्यूल की सरगना होने और सोशल मीडिया के माध्यम से युवाओं का ब्रेनवॉश करने का आरोप था।

