Monday, September 7, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

खगड़िया में बाढ़ से 35 हजार आबादी पानी में:3 पंचायतें पूरी तरह घिरीं; विधायक ने पूर्ण बाढ़ प्रभावित घोषित करने की मांग की


खगड़िया जिले में नदियों का जलस्तर लगातार बढ़ने से बाढ़ के हालात गंभीर होते जा रहे हैं। रविवार को बाढ़ की स्थिति और राहत कार्यों को लेकर बैठक हुई। सदर विधायक बबलू कुमार मंडल ने सदर प्रखंड कार्यालय से बैठक में शामिल होकर खगड़िया विधानसभा क्षेत्र के बाढ़ प्रभावित इलाकों की स्थिति की जानकारी ली। विधायक ने बताया कि रहीमपुर दक्षिणी, रहीमपुर उत्तरी और रहीमपुर मध्य पंचायतें बाढ़ के पानी से पूरी तरह घिर गई हैं। इन तीनों पंचायतों की करीब 35 हजार आबादी प्रभावित बताई गई है। उन्होंने इन पंचायतों को पूर्ण बाढ़ प्रभावित क्षेत्र घोषित करने की मांग की। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रभावित लोगों तक तत्काल राहत सामग्री पहुंचाई जाए। पॉलीथिन, सूखा राशन और सामुदायिक रसोई की तैयारी विधायक ने कहा कि बाढ़ पीड़ितों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। प्रभावित इलाकों में लगातार निगरानी रखी जाए और जरूरत के अनुसार पॉलीथिन शीट, सूखा राशन समेत अन्य जरूरी सामान उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि जिन इलाकों में आवश्यकता हो, वहां सामुदायिक रसोई शुरू कर बाढ़ प्रभावित लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था की जाए। मानसी और नगर परिषद के वार्डों में भी बाढ़ की स्थिति बैठक में मानसी प्रखंड के मटिहानी, जालिम बाबू टोला और पूर्वी ठाठा के चैधा बांध वार्ड नंबर-14 में बाढ़ की स्थिति पर भी चर्चा हुई। विधायक ने खगड़िया नगर परिषद के वार्ड संख्या 19, 30 और 31 के प्रभावित होने की जानकारी भी अधिकारियों को दी। जरूरत पड़ी तो सुरक्षित जगह पहुंचाए जाएंगे परिवार विधायक बबलू कुमार मंडल ने कहा कि बाढ़ की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्रशासन को पूरी तरह अलर्ट रहना होगा। प्रभावित लोगों को राहत सामग्री और भोजन उपलब्ध कराने के साथ जरूरत पड़ने पर परिवारों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने की भी व्यवस्था की जाए। एसडीओ ने बीडीओ-सीओ को दिए कार्रवाई के निर्देश बैठक में मौजूद एसडीओ धनंजय कुमार ने विधायक के निर्देशों को गंभीरता से लेते हुए सदर बीडीओ पूरण साह और सीओ पुनीत कौशल को प्रभावित क्षेत्रों में तत्काल जरूरी कार्रवाई करने का निर्देश दिया। अधिकारियों से कहा गया कि वे प्रभावित इलाकों में स्वयं जाकर स्थिति का जायजा लें और जरूरतमंद परिवारों तक समय पर राहत पहुंचाना सुनिश्चित करें।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles