![]()
मोतिहारी के अरेराज अनुमंडल में गंडक नदी का जलस्तर बढ़ने से अरेराज, संग्रामपुर और केसरिया ब्लॉक के 25 से ज्यादा गांव बाढ़ की चपेट में आ गए हैं। जिला प्रशासन ने प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य तेज कर दिया है। लोगों के लिए आश्रय स्थल, भोजन, पानी और मेडिकल सुविधाओं का इंतजाम किया गया है। बिहार सरकार के मंत्री और पूर्वी चंपारण जिले के प्रभारी मंत्री श्रवण कुमार शुक्रवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र पहुंचे। उन्होंने राहत शिविरों में पीड़ितों से बात कर सुविधाओं की जानकारी ली। मंत्री ने अधिकारियों को लगातार जरूरी सुविधाएं देने के निर्देश दिए। मेडिकल कैंप का लिया जायजा प्रभारी मंत्री ने एक स्कूल में लगे मेडिकल कैंप का भी जायजा लिया। उन्होंने इलाज करा रही महिलाओं और डॉक्टरों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में पूछा। इसके बाद मंत्री ने छात्रों के बीच राहत किट बांटी। मंत्री श्रवण कुमार ने जिला प्रशासन की व्यवस्था पर संतोष जताया। उन्होंने कहा कि बाढ़ पीड़ितों के लिए यहां अच्छी व्यवस्था है। उन्होंने आपदा में जनता, जनप्रतिनिधियों और प्रशासन के मिलकर काम करने की तारीफ की।
गंडक की बाढ़ से 25 से ज्यादा गांव प्रभावित:मंत्री श्रवण कुमार ने बाढ़ पीड़ितों से की बात, मेडिकल कैंप देखा और छात्रों को किट बांटी
