Monday, May 25, 2026

Breaking
News

🕒

Latest
Updates

🔔

Stay
Informed

Top 5 This Week

Related Posts

गयाजी में संपत्ति विवाद में आत्मदाह की धमकी दी:बीएसएफ जवान ने भाइयों पर प्रताड़ना का लगाया आरोप, कहा- न्याय नहीं मिला तो परिवार संग जान दूंगा


गयाजी जिले के चाकंद थाना क्षेत्र के सोढ़ना गांव के रहने वाले बीएसएफ के जवान श्रवण कुमार चौधरी ने परिवार संग आत्मदाह की धमकी दी है। उन्होंने पैतृक संपत्ति विवाद और कथित झूठे मुकदमे को लेकर गयाजी के एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई है। उन्होंने अपने पिता चंद्रदेव चौधरी, दोनों सगे भाइयों अरविंद रंजन (शिक्षक) और गौतम रंजन (कृषि विभाग में पोस्टेड) पर आरोप लगाए हैं। जवान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो जारी कर चेतावनी दी है कि यदि उन्हें न्याय नहीं मिला तो वह पत्नी और बच्चों के साथ आत्मदाह करने को मजबूर होंगे। उन्होंने आवेदन देकर मामले की निष्पक्ष जांच कराने, पैतृक संपत्ति में अपने हिस्से का अधिकार दिलाने तथा उनके विरुद्ध दर्ज प्राथमिकी की समीक्षा करने की मांग की है। जवान का आरोप- पिता ने भाइयों संग साजिश रचकर जमीन बेची श्रवण कुमार चौधरी ने आरोप लगाया है कि उनके दोनों भाइयों ने साजिश रचकर उनके पिता से जबरन पैतृक संपत्ति बेचवा दी। जमीन बिक्री से प्राप्त राशि से भाइयों ने अपने-अपने नाम पर शहर में जमीन खरीदकर मकान एवं दुकान का निर्माण करा लिया। उन्होंने बताया कि उनके दादा स्वर्गीय राम भजन चौधरी के नाम पर लगभग एक बीघा जमीन थी, जिसे उनकी जानकारी के बिना 2019 में बेच दिया गया। इतना ही नहीं, जानकारी मिलते ही वर्ष 2023 में उन्हें और उनके परिवार को पैतृक घर एवं जमीन से बेदखल कर दिया गया। श्रवण कुमार चौधरी वर्तमान में मथुरा में सीमा सुरक्षा बल की 167वीं वाहिनी में सहायक उप निरीक्षक के पद पर कार्यरत हैं। कहा- 20 नवंबर 2024 को सीनियर एसपी को शिकायत दी थी शिकायतकर्ता जवान ने बताया कि इस मामले को लेकर 20 नवंबर 2024 को वरीय पुलिस अधीक्षक, 21 नवंबर 2024 को जिलाधिकारी एवं अंचल अधिकारी तथा 23 नवंबर 2024 को चाकंद थाना में आवेदन देकर शिकायत की थी। इसके बावजूद अब तक किसी प्रकार की ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। जवान ने यह भी आरोप लगाया कि बीते 26-27 फरवरी 2025 की रात उनके घर में घुसकर उनके मौसेरे भाई चंदन कुमार के साथ मारपीट की गई, लेकिन इस घटना में उन्हें ही नामजद करते हुए चाकन्द थाना में एफआईआर संख्या 68/2025 दर्ज कर दी गई। जवान ने कहा- घटना के समय असम में ड्यूटी पर तैनात था बीएसएफ जवान का दावा है कि घटना के समय वह असम में अपनी ड्यूटी पर तैनात थे और इसकी जानकारी तथा प्रमाण संबंधित अधिकारियों द्वारा पुलिस प्रशासन को भी उपलब्ध कराए गए हैं। उन्होंने बताया कि जमीन विवाद को लेकर सिविल कोर्ट, गया में पार्टिशन सूट संख्या 191/2024 भी लंबित है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल सका है। उन्होंने अपने और अपने बच्चों के वैधानिक अधिकार की रक्षा करने, कथित झूठे मुकदमे की निष्पक्ष जांच कराने तथा दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने की मांग की है।

इधर, सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सेना के जवान श्रवण कुमार चौधरी ने भावुक अपील करते हुए कहा कि वह लंबे समय से न्याय के लिए प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन उनकी शिकायतों पर कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। भइयों पर झूठा मुकदमा दर्ज कराकर फंसाने का आरोप भी लगाया वहीं बीएसएफ जवान श्रवण कुमार चौधरी ने आरोप लगाया कि 23 फरवरी 2025 की रात उनके दोनों भाइयों ने मिलकर उनके घर के बाहर बनी दीवार को अंधेरे में तोड़ दिया। उन्होंने दावा किया कि इसके बाद छोटे भाई गौतम रंजन ने उसी घटना का झूठा आरोप उन पर लगा दिया, जिसका ऑडियो साक्ष्य भी उनके पास मौजूद है। जवान का कहना है कि जब इस साजिश में उन्हें फंसाने में सफलता नहीं मिली तो चार दिन बाद चाकू हमले की एक नई साजिश रचकर उन्हें मुकदमे में नामजद कर दिया गया। उन्होंने बताया कि कथित घटना के समय वह पिछले तीन महीनों से अपनी ड्यूटी पर असम में तैनात थे, इसलिए आरोप पूरी तरह निराधार हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर न्याय दिलाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि यदि इस पूरे मामले में जल्द न्याय नहीं मिला और उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हुआ तो वह पत्नी और बच्चों के साथ आत्मदाह करने को विवश होंगे। इसका जिम्मेदार मेरे पिता, दोनों सगे भाई और गया पुलिस होंगे। वीडियो सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। वहीं इस मामले का मगध रेंज के आईजी विकास वैभव से भी पत्र लिखकर जांच की मांग की है। इधर इस मामले में सेना के जवान के पिता चंद्रदेव चौधरी ने फोन पर बताया कि उनपर जो भी आरोप लगाए गए हैं, झूठे व बेबुनियाद है। मामला कोर्ट में चल रहा है। न्यायालय के फैसले तय करेगा दोषी कौन है।

Spread the love

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Popular Articles