![]()
गिरिडीह जिले के जमुआ थाना क्षेत्र अंतर्गत बेरहबाद गांव में एक शादी समारोह के दौरान उस समय अफरातफरी मच गई, जब वरमाला की रस्म से पहले दूल्हा और दुल्हन पक्ष के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामूली कहासुनी ने हिंसक रूप ले लिया। दोनों पक्षों के लोग आपस में भिड़ गए। घटना में चार लोग घायल हो गए। जिन्हें इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जाता है कि बारात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के बदडीहा गप्पई गांव से बेरहबाद गांव पहुंची थी।स्वागत और अन्य रस्में शांतिपूर्ण तरीके से पूरी हुई। इसके बाद विवाद हुआ। वरमाला में लोगों की संख्या को लेकर बढ़ा विवाद जानकारी के अनुसार, बारात पहुंचने के बाद वरमाला की तैयारियां की जा रही थीं। इसी दौरान लड़की पक्ष की ओर से यह बात कही गई कि वरमाला के मंच पर दूल्हे के साथ केवल पांच लोग ही जाएं। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुछ ही देर में दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। लाठी-डंडे चलने लगे। शादी का माहौल अचानक तनावपूर्ण हो गया। समारोह स्थल रणक्षेत्र में तब्दील हो गया। इस मारपीट में कमल दास (35 वर्ष), कारु दास (24 वर्ष), दलेश्वर दास (21 वर्ष) और सनोज कुमार दास (29 वर्ष) घायल हो गए। सभी घायल गप्पई गांव के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों का अस्पताल में इलाज जारी घटना के बाद मौके पर मौजूद परिजन और स्थानीय लोगों ने किसी तरह स्थिति को संभाला और घायलों को तुरंत गिरिडीह सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना के कारण शादी समारोह में कुछ समय के लिए तनाव और अफरातफरी का माहौल बना रहा। हालांकि बाद में स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया। सूचना मिलने पर पुलिस भी मामले की जांच में जुट गई है। पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली जा रही है।


